हाईलाइट्स
- योग्यता के आधार पर 25 प्रतिशत अग्निवीरों को मिलेगी नियमित सेवा
- शेष 75 प्रतिशत को अतिरिक्त सेवा का विकल्प
- फिर चयन मानदंडों के आधार पर नियमित भर्ती का अवसर
नई दिल्ली। अग्निपथ योजना के तहत भर्ती अग्निवीरों के पिछले चार वर्षों के प्रदर्शन का रक्षा बलों ने सकारात्मक आकलन किया है। संगठनात्मक आवश्यकताओं और कार्यकारी दक्षता को ध्यान में रखते हुए किए गए वस्तुनिष्ठ मूल्यांकन में अग्निवीरों का कौशल, प्रेरणा, शारीरिक तंदुरुस्ती और तकनीकी दक्षता उत्कृष्ट पाई गई है।
इस आकलन और रक्षा बलों से मिले फीडबैक के आधार पर मंत्रिमंडल ने अग्निवीरों की सेवा अवधि से जुड़ी व्यवस्था में बदलाव को मंजूरी दी है।
पूर्व निर्धारित व्यवस्था के तहत योग्यता के आधार पर 25 प्रतिशत अग्निवीरों को रक्षा बलों में नियमित सेवा का अवसर मिलेगा। वहीं, शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को स्वेच्छा के आधार पर दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा का विकल्प दिया जाएगा। इस अवधि के दौरान उन्हें अधिक पारिश्रमिक, उन्नत सेवा निधि पैकेज और वरिष्ठता संबंधी लाभ प्रदान किए जाएंगे।
दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा पूरी करने के बाद इन अग्निवीरों को उनकी इच्छा और निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करने की शर्त पर नियमित सैनिक के रूप में भर्ती होने का अवसर मिलेगा।
यह निर्णय अग्निवीरों की आकांक्षाओं और रक्षा बलों की संगठनात्मक जरूरतों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से लिया गया है। इसके लिए विस्तृत मूल्यांकन और विभिन्न स्तरों से प्राप्त फीडबैक को आधार बनाया गया है।
अग्निपथ योजना की उपलब्धियां
अग्निपथ योजना के चार वर्ष पूरे होने पर इसकी प्रभावशीलता और अग्निवीरों के प्रदर्शन का आकलन किया गया। इसमें सामने आया कि योजना के माध्यम से देश के विभिन्न जिलों से भर्ती का दायरा बढ़ा है और भर्ती प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक मानकीकृत और पारदर्शी हुई है।
आकलन में अग्निवीरों का शारीरिक स्वास्थ्य, मनोबल, प्रेरणा, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और अनुशासन उच्च स्तर का पाया गया। सेवा के दौरान उनके कौशल, तकनीकी अनुकूलन क्षमता और शैक्षणिक योग्यता में भी वृद्धि हुई है। इसके साथ ही रक्षा बलों की विभिन्न शाखाओं में महिलाओं के लिए अवसरों का विस्तार हुआ है।
इन उपलब्धियों के आधार पर अग्निपथ योजना को जारी रखने का निर्णय लिया गया है। दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा अवधि और उसके बाद नियमित सेवा में शामिल होने के अवसर के जरिए अग्निवीरों के लिए रक्षा बलों में आगे बढ़ने का एक और रास्ता तैयार किया गया है।
ये भी पढ़ें : सेना में करियर के अवसरों से रूबरू हुए केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थी












