लखनऊ। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), महानगर लखनऊ की ओर से मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए मादक पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया गया।
प्रवीण कुमार बाली ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के उप नारकोटिक्स आयुक्त प्रवीण कुमार बाली ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली महानगर स्थित केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो कार्यालय से शुरू होकर बादशाह नगर रेलवे स्टेशन, आईटी कॉलेज चौराहा और पुरानिया होते हुए वापस कार्यालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई।
अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा
रैली का नेतृत्व सुप्रीटेंडेंट प्रिवेंटिव करुण बिलग्रामी ने किया।रैली में सहायक आयुक्त अनिल कुमार विश्वकर्मा, इंस्पेक्टर सुशील सरोज, एएन भट्ट, अंकित, आभिषेक सहित केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
सामाजिक क्षेत्र से संदीप पाल, सचिव साथी ह्यूमन वेलफेयर सोसाइटी एवं सदस्य वसुंधरा सेवा समिति ने भी सहभागिता की। रैली के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने रास्ते में लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी।
नारों के जरिए दिया नशे से दूर रहने का संदेश
लोगों से नशे से बचाव, युवाओं को जागरूक करने और समाज में नशे के खिलाफ सकारात्मक वातावरण तैयार करने की अपील की गई।
इस दौरान “नशे के खिलाफ एकजुट हुआ लखनऊ”, “ड्रग्स मुक्त समाज की ओर कदम”, “युवा पीढ़ी को बचाने का संकल्प” और “Say No to Drugs” जैसे नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया गया।
जागरूकता गतिविधियां लगातार जारी रखने पर जोर
उप नारकोटिक्स आयुक्त प्रवीण कुमार बाली ने कहा कि मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ जनजागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए विभाग की ओर से जागरूकता गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी।
ये भी पढ़ें : मादक पदार्थों के खिलाफ छात्राओं ने उठाई जागरूकता की आवाज
सहायक आयुक्त अनिल कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से मादक पदार्थों से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।












