लखनऊ। आरनवी पाठक ने किरन अग्रवाल मेमोरियल लखनऊ जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन करते हुए दोहरे खिताब अपने नाम कर लिए। उन्होंने बालिका अंडर-15 और अंडर-17 एकल के फाइनल में मेगन प्रकाश को शिकस्त दी।
किरन अग्रवाल मेमोरियल लखनऊ जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप
उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में लखनऊ बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी, गोमतीनगर में आयोजित चैंपियनशिप में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबलों में विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। चैंपियनशिप में बालक अंडर-11 में अभिजय सिंह, बालिका अंडर-15 में सांची सिंह और बालक अंडर-17 में तथास्तु राय ने दोहरे खिताब जीते।
बालिका अंडर-15 एकल में शीर्ष वरीय आरनवी पाठक ने दूसरी वरीय मेगन प्रकाश को तीन गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में 14-16, 15-11, 15-8 से हराकर खिताब जीता। इसके बाद बालिका अंडर-17 एकल में भी आरनवी और मेगन आमने-सामने थी जिसमें शीर्ष वरीय आरनवी ने मेगन प्रकाश के खिलाफ 15-9, 15-8 से जीत दर्ज की।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विराज सागर दास ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह, टूर्नामेंट की आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक आकाश अग्रवाल, लखनऊ बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष राममोहन अग्रवाल व कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मुख्य निर्णायक अजय कुमार, डॉ. अनुराग दीक्षित, अभिजीत यादव, मुकेश श्रीवास्तव, गोपाल कृष्ण श्रीवास्तव, नवीन पटेल, प्रीति सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
बालक अंडर-11 एकल में शीर्ष वरीय अभिजय सिंह ने दूसरी वरीय तेजस प्रताप सिंह को 6-15, 15-11, 15-10 से हराकर खिताब जीता। बालिका अंडर-11 एकल में शीर्ष वरीय किमाया सिंह ने अदिति झा को 15-12, 15-4 से हराया। बालक अंडर-11 युगल में अभिजय सिंह व तेजस प्रताप सिंह ने शिवम वर्मा व यशार्थ सिंह को 15-11, 11-15, 15-11 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
बालक अंडर-15 एकल में सार्थक यादव ने जैसन आनंद को 18-16, 15-11 से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। बालक अंडर-15 युगल में आश्वत मिश्रा व आयुष्मान वर्मा ने अन्वय मौर्या व श्रेयांश मिश्रा को 15-7, 15-11 से हराकर खिताब जीता। बालिका अंडर-15 युगल में सांची सिंह व सारा अली ने अभिसारिका सिंह व सान्वी शुक्ला को 15-9, 15-6 से हराकर विजेता ट्रॉफी जीती। अंडर-15 मिश्रित युगल में प्रीत राज व सांची सिंह ने अन्वय मौर्या व प्रशस्ति शर्मा को 15-12, 15-6 से हराया।
बालिका अंडर-13 एकल में शीर्ष वरीय सान्वी कुमार ने प्रशस्ति शर्मा को 15-5, 15-8 से हराकर खिताब जीता। बालक अंडर-13 एकल में अक्षत शुक्ला ने सृजन यादव को 15-12, 15-6 से शिकस्त दी। बालक अंडर-13 युगल में शिवांश सक्सेना व श्रेयांश मिश्रा ने आरव व गोपाल गुप्ता को 15-3, 15-7 से हराया। बालिका अंडर-13 युगल में शीर्ष वरीय अनायिका व प्रशस्ति शर्मा ने अंबिका झा व एकांशी सिंह को 15-6, 15-12 से हराकर खिताब जीता।
बालक अंडर-17 एकल में शीर्ष वरीय तथास्तु राय ने सार्थक यादव को 15-7, 15-6 से हराकर खिताब जीता। बालक अंडर-17 युगल में अरिंजय सिंह व लोनिबान पावे ने प्रीत राज व राघव श्रीवास्तव को 15-9, 16-14 से हराया। अंडर-17 मिश्रित युगल में तथास्तु राय व मेगन प्रकाश चैंपियन बने, जिन्होंने राघव श्रीवास्तव व सांची सिंह को 15-7, 15-12 से शिकस्त दी।












