एजेस फेडरल लाइफ इंश्योरेंस (AFLI) ने ऑरम एडवांटेज प्लान लॉन्च करने की घोषणा की है। यह यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान (यूलिप) ग्राहकों को अमेरिकी डॉलर, यूरो और ब्रिटिश पाउंड में निवेश करने के साथ जीवन बीमा सुरक्षा का विकल्प देता है।
गिफ्ट सिटी से शुरू किया परिचालन
कंपनी के अनुसार, गिफ्ट सिटी में किसी जीवन बीमा कंपनी की ओर से पेश किया गया यह पहला मल्टी-करेंसी लाइफ इंश्योरेंस प्लान है। इस लॉन्च के साथ कंपनी ने गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) स्थित इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर (आईएफएससी) में अपने परिचालन की शुरुआत भी की है।
ऑरम एडवांटेज प्लान के तहत ग्राहक अंतरराष्ट्रीय इक्विटी, फिक्स्ड इनकम और गोल्ड सहित विभिन्न परिसंपत्ति वर्गों में निवेश कर सकते हैं।
इसका उद्देश्य निवेशकों को अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों और निवेश श्रेणियों में अपने निवेश में विविधता लाने का अवसर प्रदान करना है। योजना में प्रीमियम भुगतान के कई विकल्प और अलग-अलग फंड रणनीतियां भी उपलब्ध हैं।
इस प्लान में बिना लॉक-इन अवधि के आंशिक निकासी की सुविधा के साथ मैच्योरिटी बेनिफिट, लॉयल्टी एडिशन और डेथ बेनिफिट भी शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक, यह योजना किसी भी राष्ट्रीयता के ग्राहकों के लिए उपलब्ध है।
अंतरराष्ट्रीय इक्विटी, फिक्स्ड इनकम और गोल्ड में निवेश के साथ मिलेगी जीवन बीमा सुरक्षा
इसमें अनिवासी भारतीय (एनआरआई), ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) और पर्सन ऑफ इंडियन ओरिजिन (पीआईओ) भी शामिल हैं, चाहे उनकी आवासीय स्थिति कुछ भी हो।
न्यूनतम निवेश राशि चुनी गई मुद्रा के अनुसार 3,000 अमेरिकी डॉलर, 3,000 यूरो या 3,000 ब्रिटिश पाउंड निर्धारित की गई है।
इस लॉन्च पर एजेस फेडरल लाइफ इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ज्यूड गोम्स ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वित्तीय हितों वाले ग्राहक ऐसे निवेश समाधानों की तलाश कर रहे हैं, जो उन्हें विभिन्न मुद्राओं और बाजारों में निवेश करने का अवसर दें।
उन्होंने कहा कि ऑरम एडवांटेज प्लान बहु-मुद्रा निवेश विकल्पों को जीवन बीमा सुरक्षा के साथ जोड़कर इस जरूरत को पूरा करता है। गिफ्ट सिटी में कंपनी की शुरुआत उसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जुड़े ग्राहकों की बदलती वित्तीय जरूरतों के अनुरूप समाधान उपलब्ध कराने के लिए एक मंच प्रदान करेगी।
ये भी पढ़ें : गिफ्ट सिटी में एजियस फेडरल, मल्टी-करेंसी लाइफ इंश्योरेंस प्लान लॉन्च













