लखनऊ में ‘Best Practices in Prison Administration’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

0
22

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं द्वारा पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (BPR&D), गृह मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के प्रायोजन में “Best Practices in Prison Administration” विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज कारागार मुख्यालय, लखनऊ में शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश पी.सी. मीना रहे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी अपर महानिरीक्षक कारागार (प्रशिक्षण), डॉ रामधनी द्वारा महानिदेशक कारागार को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

प्रभारी अपर महानिरीक्षक कारागार (प्रशि./वि.) ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न विषय विशेषज्ञों एवं विभागीय प्रवक्ताओं द्वारा कारागार प्रशासन की बेहतर कार्यप्रणालियों, नए प्रयोगों और सुधारात्मक प्रयासों पर व्याख्यान दिए जाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न राज्यों में किए जा रहे अच्छे कार्यों और उनके अनुभवों को भी साझा किया जाएगा।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ मध्य प्रदेश और हरियाणा के कारागार अधिकारी भी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश के अलावा तेलंगाना, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान में कारागार प्रशासन के क्षेत्र में अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों और नवाचारों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

अपने संबोधन में महानिदेशक कारागार पी.सी. मीना ने कहा कि कारागार प्रशासन में सुरक्षा के साथ-साथ सुधार और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने विभिन्न राज्यों में किए जा रहे अच्छे कार्यों और सफल प्रयोगों से सीखने तथा उन्हें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार अपनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से अधिकारियों को एक-दूसरे के अनुभव साझा करने और कारागार प्रशासन को और बेहतर बनाने के लिए नए विचारों पर काम करने का अवसर मिलता है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर व्याख्यान, अनुभवों का आदान-प्रदान और कारागार प्रशासन में बेहतर कार्यप्रणालियों को अपनाने की चर्चा की जाएगी।

इस अवसर पर अपर महानिरीक्षक कारागार प्रशासन धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक कारागार प्रदीप गुप्ता, सुभाष चन्द्र शाक्य, उप महानिरीक्षक कारागार पी०एन० पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here