गढ़वाल क्षेत्र के अग्निवीर उम्मीदवारों के लिए भर्ती रैली 5 से 23 अक्टूबर तक

0
66

रुड़की। भारतीय सेना में भर्ती होने के इच्छुक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 5 से 23 अक्टूबर 2026 तक बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर (बीईजी एंड सेंटर), रुड़की में किया जाएगा।

यह भर्ती रैली भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित की जा रही है और इसमें केवल कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (सीईई) उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवार ही शामिल हो सकेंगे।

जोनल भर्ती कार्यालय (यूपी और यूके) के अंतर्गत सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) लैंसडौन की ओर से आयोजित इस रैली में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के उम्मीदवारों के लिए

अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी तथा गढ़वाल क्षेत्र के सात जिलों के उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी), अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं और 10वीं पास) श्रेणियों में भर्ती की जाएगी।

गढ़वाल क्षेत्र के जिन सात जिलों के उम्मीदवार अग्निवीर जीडी, टेक्निकल और ट्रेड्समैन श्रेणी की भर्ती रैली में शामिल होंगे, उनमें चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी शामिल हैं। वहीं, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पात्र उम्मीदवार रैली में भाग ले सकेंगे।

सेना के अनुसार, केवल वे उम्मीदवार भर्ती रैली में शामिल होने के पात्र होंगे, जिन्होंने 1 से 12 जून 2026 के बीच आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (सीईई) उत्तीर्ण किया है।

पात्र उम्मीदवारों को अपने एडमिट कार्ड में दी गई तिथि और समय के अनुसार रैली स्थल पर रिपोर्ट करना होगा। उन्हें रैली अधिसूचना में निर्धारित सभी मूल दस्तावेज भी साथ लाने होंगे।

भारतीय सेना और नागरिक प्रशासन ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता आधारित रखने की बात कही है। उम्मीदवारों को दलालों, एजेंटों या किसी अन्य बिचौलिए के संपर्क में नहीं आने और किसी को पैसे नहीं देने की सलाह दी गई है। सेना ने स्पष्ट किया है कि कोई भी व्यक्ति भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित नहीं कर सकता।

अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी सहित विभिन्न श्रेणियों की तिथिवार और जिलेवार भर्ती रैली का कार्यक्रम निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जारी किया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से संबंधित जानकारी और निर्देशों के लिए आधिकारिक अधिसूचना पर ही भरोसा करें।

ये भी पढ़ें : अग्निवीर क्लर्क भर्ती रैली 10 और 11 अक्टूबर को रुड़की में

ये भी पढ़ें : लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा ने संभाली सूर्य कमान की कमान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here