UTT सीजन 7: मानव-मानुष-दिया की अगुवाई, टीमों ने बनाए मजबूत समीकरण

0
30
मानव ठक्कर - Ankur Salvi /Focus Sports/ UTT
हाईलाइट्स 
  • बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस सीजन 7 का आयोजन 9 से 26 जुलाई तक गोवा में
  • 28 अप्रैल को मुंबई में नीलामी, टीमों के पास 1 करोड़ टोकन की पर्स राशि
  • टेबल टेनिस लीग में बढ़ी चमक, स्टार खिलाड़ियों से सजेगा सीजन 7

भारतीय स्टार खिलाड़ी मानव ठक्कर, मानुष शाह और दिया चितले बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (UTT) सीजन 7 के प्लेयर पूल की अगुवाई कर रहे हैं, जबकि नीलामी से पहले टीमों ने अपने प्रमुख खिलाड़ियों को रिटेन कर लिया है। अनुभवी खिलाड़ी जी. साथियान और मनिका बत्रा को उनकी-उनकी टीमों ने बरकरार रखा है।

यूटीटी सीजन 7 का आयोजन 9 से 26 जुलाई तक गोवा के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। मुकाबलों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध रहेगी।

सीजन की नीलामी 28 अप्रैल को मुंबई के सहारा स्टार में आयोजित होगी, जहां फ्रेंचाइजी टीमें एक मजबूत और विविधतापूर्ण खिलाड़ी पूल से अपनी टीमों का गठन करेंगी। इस पूल में अनुभवी भारतीय खिलाड़ी, उभरती प्रतिभाएं और अंतरराष्ट्रीय सितारे शामिल हैं।

मानव ठक्कर और मानुष शाह एक साल के अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के बाद नीलामी में वापसी कर रहे हैं। यह जोड़ी वर्तमान में पुरुष युगल में विश्व नंबर 5 पर काबिज है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है।

शाह, दिया चितले के साथ मिश्रित युगल में भी खेलते हैं, जहां यह जोड़ी विश्व नंबर 6 है और WTT फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय जोड़ी बनी थी।

मनिका बत्रा – Photos : Ankur Salvi / Focus Sports / UTT

दिया चितले, जो पिछले सीजन की सबसे महंगी खिलाड़ी थीं, इस बार नीलामी पूल में लौट रही हैं, क्योंकि दबंग दिल्ली टीटीसी ने जी. साथियान को रिटेन करते हुए उनके साथ अपने जुड़ाव को रिकॉर्ड सातवें लगातार सीजन तक बढ़ा दिया है।

वहीं, मनिका बत्रा चोट के कारण पिछला सीजन नहीं खेल पाई थीं, लेकिन इस बार अहमदाबाद APL पाइपर्स ने उन्हें रिटेन किया है।

अन्य रिटेंशन में कोलकाता थंडरब्लेड्स ने अंकुर भट्टाचार्जी को और यू मुंबा टीटी ने डबल्स विशेषज्ञ आकाश पाल को बरकरार रखा है। डेम्पो गोवा चैलेंजर्स और पीबीजी पुणे जैगुआर्स ने अपने रिटेंशन विकल्प का उपयोग नहीं किया है और वे नए फ्रेंचाइजी यूपी प्रोमेथियंस के साथ पूरी पर्स राशि के साथ नीलामी में उतरेंगे।

जी साथियान – Photos : Ankur Salvi / Focus Sports / UTT

निरज बजाज और वीटा दानी द्वारा टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के तत्वावधान में संचालित इस फ्रेंचाइजी लीग में टीमों का गठन नीलामी प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा। प्रत्येक टीम को 1 करोड़ टोकन की पर्स राशि दी गई है।

यूटीटी के सह-प्रमोटर निरज बजाज ने कहा, “सीजन 7 के लिए इतना मजबूत और विविध खिलाड़ी पूल देखना बेहद उत्साहजनक है।

मानव, मानुष और मनिका जैसे शीर्ष भारतीय खिलाड़ियों की वापसी और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की प्रतिस्पर्धी मौजूदगी, बटरफ्लाई यूटीटी से जुड़े टेबल टेनिस के बढ़ते स्तर और गहराई को दर्शाती है। अनुभवी और युवा प्रतिभाओं का यह मिश्रण नीलामी को रोमांचक बनाएगा और एक शानदार सीजन की नींव रखेगा।”

नीलामी एक संरचित प्रारूप में आयोजित की जाएगी, जिसमें खिलाड़ियों को चार आधार मूल्य श्रेणियों—20 लाख, 12 लाख, 7 लाख और 3 लाख टोकन—में विभाजित किया गया है। बोली में न्यूनतम वृद्धि 20,000 टोकन की होगी।

अंकुर – Photos : Ankur Salvi / Focus Sports / UTT

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में वेल्स की अन्ना हर्सी पहली बार इस लीग में शामिल हो सकती हैं, जबकि फ्रांस की प्रिथिका पावाडे महिला वर्ग को और मजबूत बनाती हैं।

पुरुष वर्ग में एड्रियन रासेनफोसे, एडुआर्ड इओनेस्कू, निकोलस लुम और यूसुफ अब्देलअज़ीज जैसे नए खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, बर्नाडेट स्ज़ॉक्स, क्वाड्री अरुणा, अल्वारो रोब्लेस और यांग्ज़ी लियू जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी वापसी कर रहे हैं।

भारतीय खिलाड़ियों में उभरती प्रतिभा दिव्यांशी भौमिक पहली बार नीलामी पूल में शामिल हुई हैं। उन्होंने 2025 एशियन कैडेट चैंपियनशिप में अंडर-15 गर्ल्स सिंगल्स में स्वर्ण पदक जीतकर 36 वर्षों बाद यह उपलब्धि हासिल की थी और इसके बाद 2025 विश्व युवा चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी जीता।

अनुभवी खिलाड़ियों और नई प्रतिभाओं के संतुलित मिश्रण के साथ, बटरफ्लाई यूटीटी सीजन 7 की नीलामी में रणनीतिक मुकाबले देखने को मिलेंगे, जहां टीमें एक मजबूत और संतुलित स्क्वाड बनाने की कोशिश करेंगी।

ये भी पढ़ें : यूटीटी सीजन 6: यू मुम्बा की विजयी झंकार, पहली बार ट्रॉफी पर किया कब्ज़ा

ये भी पढ़ें : अल्टीमेट टेबल टेनिस : गोवा चैलेंजर्स ने पहली बार जीता खिताब

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here