लखनऊ। उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ (यूपीटीटीए) के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर 16 से 23 अगस्त तक कानपुर के टीएसएच (स्पोर्ट्स हब) में आयोजित होने वाली प्रथम राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के चेयरमैन संजीव पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण तथा संघ के सचिव अरुण बनर्जी शामिल थे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को प्रतियोगिता की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा से भी अवगत कराया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया कि वह अपने व्यस्त कार्यक्रमों के बीच इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने का पूरा प्रयास करेंगे।
भेंट के दौरान उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ की ओर से मुख्यमंत्री को स्मृति-चिह्न के रूप में स्टैग की मिनी टेबल टेनिस टेबल भेंट की गई। इस अनूठे स्मृति-चिह्न को देखकर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की और प्रदेश में टेबल टेनिस सहित अन्य खेलों के विकास के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
ये भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश को मिली राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता की मेजबानी
उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के पदाधिकारियों ने खेलों के विकास के लिए मुख्यमंत्री के निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और सकारात्मक दृष्टिकोण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से प्रदेश में खेलों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हुआ है।
16 से 23 अगस्त तक कानपुर के टीएसएच (स्पोर्ट्स हब) में आयोजित होने वाली प्रथम राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में देशभर के लगभग 4,000 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, तकनीकी अधिकारी और अन्य पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश में अब तक आयोजित होने वाले सबसे बड़े टेबल टेनिस आयोजनों में शामिल होगी।












