लखनऊ। एक्सीलिया स्कूल के दो क्रिकेटरों हर्षवर्धन सिंह और शिवम वर्मा ने सीबीएसई ईस्ट जोन क्रिकेट टीम के लिए चयनित होकर विद्यालय और लखनऊ का नाम रोशन किया है।
प्रयागराज में आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन क्रिकेट टीम चयन ट्रायल्स में हर्षवर्धन ने अंडर-17 और शिवम ने अंडर-14 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
18 से 23 सितंबर तक विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल, प्रयागराज में आयोजित चयन ट्रायल्स में देशभर से 3,000 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
कड़े मुकाबले के बीच दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और अपने-अपने आयु वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। उन्हें सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी अनिल कुमार जैन ने सम्मानित किया।
दोनों खिलाड़ियों की सफलता में उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के साथ विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक सूर्य प्रताप पाल का भी योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने लगातार अभ्यास किया और प्रतियोगिता के लिए खुद को तैयार किया। विद्यालय प्रबंधन ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।
विद्यालय के चेयरमैन पुनीत पाठक, वाइस चेयरपर्सन मंजू पाठक, निदेशक आशीष पाठक, शालिनी पाठक और प्रधानाचार्या रेखा वर्मा ने हर्षवर्धन सिंह, शिवम वर्मा और सूर्य प्रताप पाल को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
ये भी पढ़ें : एक्सीलिया स्कूल में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस समारोह













