लखनऊ। एक्सीलिया स्कूल में शिक्षक दिवस का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और स्नेह व्यक्त करते हुए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन पुनीत पाठक एवं वाइस चेयरपर्सन मंजू पाठक द्वारा एक्सीलिया का प्रतिष्ठित “विद्यालय गौरव सम्मान – दयाशंकर पाठक मेमोरियल अवार्ड” प्रदान किया गया।
इस वर्ष राहुल वाल्मीकि, शृति सिन्हा एवं स्वाति गुप्ता को उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण एवं विद्यालय के प्रति उल्लेखनीय योगदान के लिए इस सम्मान से अलंकृत किया गया। इसके अतिरिक्त विद्यालय के सभी शिक्षकों को उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर निदेशक आशीष पाठक, निदेशिका शालिनी पाठक, प्रधानाचार्या रेखा वर्मा, मेंटॉर डॉ. एस. के. मिश्रा, सलाहकार प्रवीण पांडे, हेडमिस्ट्रेस संगीता सिंह एवं एडमिनिस्ट्रेशन हेड प्रिया दीक्षित की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा शिक्षकों के प्रति व्यक्त किया गया सम्मान, स्नेह और प्रोत्साहन सभी के लिए प्रेरणादायी रहा।समारोह को और अधिक आनंदमय एवं यादगार बनाने के लिए शिक्षकों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं रोचक गतिविधियों का आयोजन किया गया। सभी शिक्षकों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शिक्षकों का रैम्प वॉक रहा, जिसमें उन्होंने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया। रैम्प वॉक में भाग लेने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहन उपहार देकर सम्मानित किया गया। संगीत, नृत्य, मनोरंजन और आपसी सौहार्द से परिपूर्ण यह शिक्षक दिवस समारोह सभी के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।













