जौनपुर। कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश के महानिदेशक पीसी मीना ने शुक्रवार को जिला कारागार जौनपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल परिसर, बैरकों और पाकशाला का जायजा लिया तथा बंदियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

महानिदेशक कारागार ने जिला जेल जौनपुर का किया औचक निरीक्षण
महानिदेशक ने पाकशाला में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों से श्रम के एवज में दिए जाने वाले पारिश्रमिक के भुगतान की स्थिति की भी जानकारी ली और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जेल में स्थापित सुरक्षा उपकरणों का भी निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा जेल परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पीसी मीना ने जेल की भूमि से संबंधित जानकारी लेने के साथ नवीन जिला कारागार के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने जेल परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
निरीक्षण के बाद महानिदेशक ने जेल अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी, प्रभारी जेलर सुभाष चंद्र पांडेय, डिप्टी जेलर नंद किशोर गौतम समेत अन्य कार्मिक मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : कारागारों में आत्महत्या रोकथाम की पहल, RISE में मानसिक स्वास्थ्य पर मंथन












