लखनऊ। भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (सीईई)-2027 पास करने वाले अभ्यर्थियों के चयन की अगली प्रक्रिया 5 अक्टूबर से शुरू होगी।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी के योग्य अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली रुड़की में आयोजित की जाएगी। इसमें शारीरिक दक्षता परीक्षा और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
सेना की ओर से अभ्यर्थियों को रैली स्थल पर निर्धारित समय पर पहुंचने और सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी गई है। भर्ती प्रक्रिया के दौरान अनिवार्य पहचान सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ रखना होगा, ताकि आवश्यक ऑनलाइन सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, ऑनलाइन जारी पुलिस कैरेक्टर सर्टिफिकेट, 20 पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र और स्कूल कैरेक्टर सर्टिफिकेट साथ लाना होगा।
इसके अलावा गांव के सरपंच या सक्षम अधिकारी द्वारा हस्ताक्षरित धर्म प्रमाण-पत्र, कैरेक्टर सर्टिफिकेट और अविवाहित होने का प्रमाण-पत्र भी आवश्यक होगा।
यदि लागू हो तो अभ्यर्थियों को रिलेशन सर्टिफिकेट, एनसीसी सर्टिफिकेट और स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट भी साथ रखना होगा। सभी मूल दस्तावेजों की फोटो कॉपी के तीन सेट भी लाने होंगे। रैली स्थल पर शपथ-पत्र (एफिडेविट) तैयार किए जाएंगे।
पांच अक्टूबर को इन जिलों के अभ्यर्थियों की रैली
5 अक्टूबर को उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत के अभ्यर्थियों के अलावा उत्तर प्रदेश के बहराइच, बलरामपुर, बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई,
लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, संभल, शाहजहांपुर, श्रावस्ती और सीतापुर के अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनके अलावा संबंधित भर्ती कार्यालयों के अंतर्गत आने वाले जिलों और तहसीलों के अभ्यर्थियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रैली में शामिल होना होगा।
छह अक्टूबर को अयोध्या एआरओ के अभ्यर्थी
6 अक्टूबर को एआरओ अयोध्या के अंतर्गत आने वाले अमेठी, अंबेडकर नगर, अयोध्या, बस्ती, कौशाम्बी, कुशीनगर, महाराजगंज, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर और सुल्तानपुर के सभी तहसीलों के योग्य अभ्यर्थियों की रैली होगी।
सात अक्टूबर को मेरठ एआरओ के अभ्यर्थी
7 अक्टूबर को एआरओ मेरठ के अंतर्गत बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद और मुजफ्फरनगर के सभी तहसीलों के अभ्यर्थी रैली में शामिल होंगे।
आठ अक्टूबर को मेरठ और आगरा एआरओ के अभ्यर्थी
8 अक्टूबर को एआरओ मेरठ के अंतर्गत गौतमबुद्ध नगर, अमरोहा, रामपुर, सहारनपुर और शामली के सभी तहसीलों के अभ्यर्थियों की रैली होगी। इसी दिन एआरओ आगरा के अंतर्गत आगरा, एटा, झांसी, कासगंज और जालौन के निर्धारित तहसीलों के अभ्यर्थी भी शामिल होंगे।
नौ अक्टूबर को आगरा एआरओ के अभ्यर्थी
9 अक्टूबर को एआरओ आगरा के अंतर्गत ललितपुर, अलीगढ़, इटावा, फिरोजाबाद, हाथरस, मैनपुरी और मथुरा के निर्धारित तहसीलों के अभ्यर्थियों की रैली होगी।
10 अक्टूबर को लखनऊ मुख्यालय के अंतर्गत जिलों की रैली
10 अक्टूबर को आरओ (मुख्यालय), लखनऊ के अंतर्गत औरैया, बांदा, बाराबंकी, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, लखनऊ, महोबा और उन्नाव के सभी तहसीलों के योग्य अभ्यर्थियों की रैली होगी।
11 अक्टूबर को लखनऊ और लैंसडाउन एआरओ के अभ्यर्थी
11 अक्टूबर को आरओ (मुख्यालय), लखनऊ के अंतर्गत कानपुर नगर और गोंडा के अभ्यर्थियों के अलावा एआरओ लैंसडाउन के अंतर्गत उत्तराखंड के चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और संबंधित तहसीलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसी दिन टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी के निर्धारित क्षेत्रों के अभ्यर्थियों की भी रैली होगी।
12 अक्टूबर को वाराणसी एआरओ की रैली
12 अक्टूबर को एआरओ वाराणसी के अंतर्गत जौनपुर, मऊ, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर, देवरिया, सोनभद्र, आजमगढ़ और चंदौली के सभी तहसीलों के योग्य अभ्यर्थियों की रैली होगी।
सेना ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे अपने एडमिट कार्ड पर दर्ज निर्देशों और रैली के निर्धारित कार्यक्रम का पालन करें। दस्तावेजों के मूल प्रति और निर्धारित संख्या में फोटो कॉपी साथ रखना जरूरी होगा। चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के साथ दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी।
ये भी पढ़ें : यूएचक्यू कोटे के तहत जाट रेजिमेंटल सेंटर बरेली में होगी अग्निवीर भर्ती रैली
ये भी पढ़ें : सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने परखी मध्य कमान की तैयारियां












