दशहरा ट्रॉफी: बाबा मुत्तेश्वर मौरावां ने नेपाल की टीम को सात रन से हराया

0
46

लखनऊ। 26वीं दशहरा ट्रॉफी के मुकाबले में बाबा मुत्तेश्वर मौरावां, उन्नाव ने रोमांचक अंदाज में बिरेंद्र स्पोर्ट्स एकेडमी, नेपाल को सात रन से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

लखनऊ क्रिकेट एकेडमी के तत्वावधान में एलडीए स्टेडियम, अलीगंज में खेले गए मुकाबले में मौरावां की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 212 रन बनाए। जवाब में नेपाल की टीम जीत के करीब पहुंचकर भी लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और 205 रन पर सिमट गई।

रोनित सिंह ने खेली 75 रन की पारी

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी बाबा मुत्तेश्वर मौरावां की टीम ने सात विकेट पर 212 रन बनाए। रोनित सिंह ने 56 गेंदों पर आठ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 75 रन की शानदार पारी खेली।

उत्तम शर्मा ने 53 गेंदों पर 51 और अमन यादव ने 46 गेंदों पर 37 रन का योगदान दिया। नेपाल की ओर से रुपेश थापा और ओमराज ने दो-दो विकेट हासिल किए। रुपेश ने सात ओवर में दो मेडन के साथ 14 रन ही दिए।

213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिरेंद्र स्पोर्ट्स एकेडमी की टीम ने मुकाबले को आखिरी ओवर तक रोमांचक बनाए रखा। निशान रेग्मी ने 30 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाए, जबकि अरुणा बिष्ट ने 16 रन जोड़े।

निचले क्रम में प्रतीक सिंह ने महज 17 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 37 रन ठोककर टीम की उम्मीदें जगा दीं। सौगात ने भी चार चौकों की मदद से 28 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। अंतिम ओवर में नेपाल को जीत के लिए 10 रन बनाने थे, लेकिन टीम इस ओवर में केवल दो रन ही जुटा सकी।

अनुराग मिश्रा ने झटके चार विकेट, अंतिम ओवर में पलटा मुकाबला

इस तरह बाबा मुत्तेश्वर मौरावां ने सात रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मौरावां की जीत में गेंदबाज अनुराग मिश्रा की अहम भूमिका रही। उन्होंने आठ ओवर में एक मेडन के साथ 26 रन देकर चार विकेट झटके। रोहित ने आठ ओवर में 38 रन देकर दो और संदीप गिल ने आठ ओवर में 45 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

मैच में 75 रन की पारी खेलने वाले रोनित सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें मौरावां, उन्नाव के कोच राजेश चौधरी ने पुरस्कार प्रदान किया। चार विकेट लेने वाले अनुराग मिश्रा को बेस्ट बॉलर और नेपाल की ओर से 17 गेंदों पर 37 रन बनाने वाले प्रतीक सिंह को विशेष बल्लेबाजी पुरस्कार दिया गया।

ये भी पढ़ें : दशहरा ट्रॉफी में नेपाली बल्लेबाज निशान रेग्मी का धमाका, 187 रन बनाए

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here