IND vs AFG: इकाना पर जीत के साथ टीम इंडिया की निगाह सीरीज में अजेय बढ़त पर

0
132

एक नजर में बड़ी बातें

  • सीरीज दांव पर: भारत धर्मशाला में पहला मैच जीतकर 1-0 से आगे है, वहीं अफगानिस्तान के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ का है।
  • टीम में बड़े बदलाव: विश्व कप की तैयारियों के तहत कुलदीप यादव और यशस्वी जायसवाल को आज प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है।
  • रोहित की कड़ी परीक्षा: फॉर्म और हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे रोहित शर्मा की फिटनेस और प्रदर्शन पर टीम प्रबंधन की पैनी नजर रहेगी।

लखनऊ। भारत व अफगानिस्तान के मध्य वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार को दोपहर 1:30 बजे से लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम पर खेला जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, शाम होते-होते तापमान में गिरावट आएगी, जिससे खिलाड़ियों को राहत मिल सकती है।

दूसरे वनडे में बुधवार को होगी टक्कर, दोपहर 1:30 बजे से मैच

भारतीय टीम इस सीरीज को सिर्फ जीत तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि इसे आगामी वनडे विश्व कप की तैयारी के बड़े मंच के रूप में देख रही है। टीम प्रबंधन पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले लगभग दो दर्जन वनडे मुकाबलों में अलग-अलग संयोजनों को आजमाया जाएगा, ताकि सर्वश्रेष्ठ कॉम्बिनेशन तैयार किया जा सके।

युवाओं को मौका और गेंदबाजी संयोजन

इसी रणनीति के तहत दूसरे वनडे में टीम में कुछ अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कुलदीप यादव भले ही हाल के समय में अपनी लय को लेकर संघर्ष कर रहे हों, लेकिन बीच के ओवरों में उनकी नियंत्रण क्षमता को देखते हुए उन्हें अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।

ये भी पढ़ें : अफगानिस्तान के खिलाफ रोहित शर्मा रचेंगे कीर्तिमान, द्रविड़ को छोड़ेंगे पीछे

वहीं यशस्वी जायसवाल को भी मौका मिलने की पूरी संभावना है। युवा खिलाड़ियों को मौके देने की इस रणनीति से टीम प्रबंधन भविष्य की तैयारी को मजबूत करने में जुटा है।

इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका

तेज गेंदबाजी विभाग में भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पहले वनडे में 27 रन देकर 3 विकेट लेने वाले गुरनूर बराड़ के प्रदर्शन ने सभी को प्रभावित किया है और उनके खेलने की संभावना मजबूत है। ऐसे में आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रिंस यादव को अभी इंतजार करना पड़ सकता है।

रोहित शर्मा पर टिकीं निगाहें

इस मैच में रोहित शर्मा पर भी सबकी निगाहें होंगी, जिनका यह मुकाबला भविष्य तय करने में अहम माना जा रहा है। करीब 40 वर्ष की उम्र की ओर बढ़ रहे पूर्व कप्तान रोहित हाल के महीनों में चोट और अस्थिर फॉर्म से जूझते रहे हैं। हैमस्ट्रिंग की समस्या ने चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है।

आगामी वर्षों में दक्षिण अफ्रीका में होने वाली बड़ी प्रतियोगिताओं को देखते हुए उनकी फिटनेस, फील्डिंग और लगातार रन बनाने की क्षमता की कड़ी परीक्षा हो रही है। टीम प्रबंधन साफ संकेत दे चुका है कि उनका भविष्य केवल अनुभव नहीं, बल्कि फिटनेस और प्रदर्शन पर निर्भर करेगा।

पूर्व कप्तान के सामने कम नहीं होगी चुनौती

रोहित के लिए चुनौती इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ी सीमित ओवरों की टीम में अपनी जगह बनाने के लिए जोरदार दावेदारी पेश कर रहे हैं।

पहले वनडे में रोहित केवल 16 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण रन आउट का शिकार हुए थे। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू एकदिवसीय श्रृंखला में भी वह तीन पारियों में सिर्फ 61 रन ही बना सके थे। ऐसे में एक और नाकामी उनके ऊपर दबाव बढ़ा सकती है।

ये भी पढ़ें : 17 जून को इकाना में भिड़ेंगे भारत व अफगानिस्तान, टिकट 599 रुपये से शुरू

ये भी पढ़ें : लखनऊ में 17 जून को भारत-अफगानिस्तान वनडे, इकाना बनेगा रन भूमि

हालांकि लखनऊ का इकाना स्टेडियम रोहित के लिए सुखद यादें भी समेटे हुए है। उन्होंने यहां 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 शतक लगाया था और 2023 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ 87 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी।

अफगानिस्तान का पलटवार और गिल की रणनीति

अफगानिस्तान की टीम की बात करें तो सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज़ पहले मैच में शानदार शतक लगाकर फॉर्म में लौटे, लेकिन बाकी बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी, इब्राहिम जादरान, अजमतुल्लाह उमरजई और स्टार स्पिनर राशिद खान पर इस बार बेहतर सामूहिक प्रदर्शन की जिम्मेदारी होगी।

ये भी पढ़ें : झूमे दो पठान राशिद खान, लखनऊ वालों के सर चढ़कर बोला अफगान क्रिकेटरों का जादू

ये भी पढ़े : World Cup : अफगान स्पिनरों के आगे नीदरलैंड 179 रन, जाने ताजा हाल

वहीं भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पहले वनडे के बाद साफ किया था कि टीम का फोकस अलग-अलग संयोजनों को आजमाने और यह समझने पर है कि कौन सा कॉम्बिनेशन लंबे समय में सबसे प्रभावी साबित होता है।

इस तरह अजेय बढ़त हासिल करने के मौके के साथ-साथ यह मुकाबला खिलाड़ियों के भविष्य और टीम संयोजन के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें : राजकुमार को याद आता है वो जमाना, जब मैनुअल बोर्ड स्कोरिंग का हर कोई था दीवाना

ये भी पढ़े : भारतीय कुश्ती टीम में यूपी के 4 खिलाड़ियों को एंट्री, अजरबैजान में दिखाएंगे दम

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:-

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, यशस्वी जायसवाल, कुलदीप यादव।

अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), इब्राहिम जदरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, रहमानउल्लाह गुरबाज, अजमतउल्लाह ओमरजाई, मो. नबी, राशिद खान, एएम गजनफर, जियाउर रहमान शरीफी, दरविश रसूली, फरीद मालिकजई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here