खलिन जोशी ने छह शॉट की बढ़त बरकरार रखी, खिताब से एक कदम दूर

0
90

श्रीनगर। बेंगलुरु के अनुभवी गोल्फर खलिन जोशी ने शानदार और संयमित प्रदर्शन जारी रखते हुए एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले जेएंडके ओपन 2026 के तीसरे दौर के बाद अपनी बढ़त बरकरार रखी है। रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में शनिवार को खेले गए तीसरे दौर में खलिन ने छह-अंडर 65 का कार्ड खेला।

इसके साथ ही उनका कुल स्कोर 19-अंडर 194 हो गया और उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर छह शॉट की बढ़त कायम रखी। अब वह अंतिम दौर में खिताब जीतने से सिर्फ एक कदम दूर हैं।

जेएंडके ओपन

सात शॉट की बढ़त के साथ तीसरे दौर की शुरुआत करने वाले 33 वर्षीय खलिन ने पहले दो दिनों में 63 और 66 के स्कोर के बाद तीसरे दिन भी बोगी-मुक्त खेल दिखाया।

उन्होंने छह बर्डी लगाईं और लगातार दूसरे दौर में बिना कोई बोगी किए अपना राउंड पूरा किया। खास बात यह रही कि उन्होंने पिछले 37 होल से एक भी शॉट नहीं गंवाया है। टूर्नामेंट में उनकी इकलौती बोगी पहले दौर के 17वें होल पर आई थी।

हालांकि शुरुआती नौ होल में उनकी बॉल स्ट्राइकिंग पहले दो दौर जैसी सटीक नहीं रही, लेकिन उन्होंने दबाव में भी दो महत्वपूर्ण बर्डी बनाकर स्कोर को आगे बढ़ाया। बैक-नाइन में उन्होंने अपनी लय वापस हासिल की और बढ़त को मजबूत कर लिया।

तीसरे दौर में भी बोगी-मुक्त 65 का कार्ड, राशिद खान दूसरे स्थान पर पहुंचे

राउंड के बाद खलिन ने कहा, “पहले नौ होल में मैं गेंद को उतनी अच्छी तरह हिट नहीं कर पाया, जितना शुरुआती दो दिनों में किया था। इसके बावजूद फेयरवे चूकने के बाद दो बर्डी बनाना काफी अहम रहा।

दूसरे नौ होल में मुझे अपनी लय मिल गई। अब अंतिम दौर में मेरा पूरा ध्यान ज्यादा से ज्यादा फेयरवे हिट करने पर रहेगा। अगर ऐसा हुआ तो अच्छा स्कोर अपने आप आएगा।”

उन्होंने बताया कि रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स का प्राकृतिक सौंदर्य भी उनके लिए यादगार अनुभव रहा। प्रो-एम के दौरान उन्होंने करीब 100 गज की दूरी पर एक भालू को मैदान पार करते देखा।

ये भी पढ़ें : खलिन जोशी सात शॉट के साथ सबसे आगे, राशिद-अंगद संयुक्त दूसरे स्थान पर

उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उम्मीद है यह उनके लिए सौभाग्य का संकेत साबित होगा। कोर्स पर लगे शहतूत, सेब और अन्य फलों का स्वाद लेना भी उनके लिए खास अनुभव रहा।

इस बीच दिल्ली के पूर्व एशियन टूर विजेता राशिद खान ने दिन का सर्वश्रेष्ठ सात-अंडर 64 का कार्ड खेलकर शानदार वापसी की। 13-अंडर 200 के कुल स्कोर के साथ वह दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं, हालांकि वह अभी भी खलिन से छह शॉट पीछे हैं।

चंडीगढ़ के पूर्व एशियन टूर विजेता अजीतेश संधू ने तीसरे दौर में 65 का स्कोर बनाकर कुल 11-अंडर 202 के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं पानीपत के शुभम जगलान (70-68-66) और चंडीगढ़ के अंगद चीमा (68-68-68) नौ-अंडर 204 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर बने हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here