लखनऊ : लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ ने 01 अगस्त 2026 को आर्मी मेडिकल कोर (एएमसी) सेंटर एवं कॉलेज के कमांडेंट और एएमसी रिकॉर्ड्स के ऑफिसर-इन-चार्ज (OIC) का पदभार संभाला। इस नियुक्ति से पहले, लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ हेडक्वार्टर पूर्वी कमान में मेजर जनरल मेडिकल (MG Med) के पद पर तैनात थे।
लखनऊ में स्थित एएमसी सेंटर एवं कॉलेज, भारतीय सेना का प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान है। यह संस्थान आर्मी मेडिकल कोर के भविष्य के नेतृत्व को प्रशिक्षित और तैयार करने के साथ-साथ सैन्य चिकित्सा शिक्षा और पेशेवर उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए जिम्मेदार है।
असम के सिलचर मेडिकल कॉलेज के पूर्व छात्र, लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ एक प्रतिष्ठित रेडियोलॉजिस्ट हैं और उन्होंने सीटी व एमआरआई में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। 36 वर्षों के अपने शानदार करियर के दौरान, उन्होंने आर्म्ड फोर्सेस मेडिकल सर्विसेज में क्लिनिकल, एकेडमिक, ऑपरेशनल, रिसर्च और प्रशासनिक भूमिकाओं में काम किया है।
लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ ने कई प्रतिष्ठित कमान, स्टाफ और इंस्ट्रक्शनल (प्रशिक्षण संबंधी) पदों पर कार्य किया है और मरीजों की देखभाल, चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा प्रशासन और सैन्य चिकित्सा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। नेतृत्व और संस्थान निर्माण में उनके व्यापक अनुभव ने उन्हें एक कुशल चिकित्सक, शिक्षक और प्रशासक के रूप में पहचान दिलाई है।
जनरल ऑफिसर ने कमान हॉस्पिटल, मध्य कमान लखनऊ की कमान भी संभाल चुके हैं है। जनरल ऑफिसर को लगभग चार वर्षों तक ‘मेडिकल जर्नल आर्म्ड फोर्सेज इंडिया’ (MJAFI) के एडिटर-इन-चीफ रहने का गौरव भी प्राप्त है।
एएमसी सेंटर एवं कॉलेज के कमांडेंट और एएमसी रिकॉर्ड्स के ऑफिसर-इन-चार्ज के रूप में, लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ कोर के इस प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान को पेशेवर सैन्य चिकित्सा शिक्षा को और मजबूत करने, प्रशिक्षण में नवाचार को बढ़ावा देने, रिसर्च को प्रोत्साहित करने और नेतृत्व विकास को बेहतर बनाने की दिशा में आगे ले जाएंगे।
उम्मीद है कि उनका विजन चिकित्सा सेवाओं, ऑपरेशनल तैयारी और मानव संसाधन विकास में उत्कृष्टता के प्रति आर्मी मेडिकल कोर की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।













