लखनऊ। इंडो-नेपाल टी-20 एक्सचेंज सीरीज के लिए लखनऊ क्रिकेट एकेडमी (एलसीए) ने अपनी टीम की घोषणा कर दी है। उत्तर प्रदेश के प्रतिभावान ऑलराउंडर शौर्य सिंह को 15 सदस्यीय टीम की कमान सौंपी गई है।
सीरीज के मुकाबले मंगलवार से गैलेक्सी स्पोर्ट्स, पारा स्थित जयपुरिया स्कूल के मैदान पर डे-नाइट प्रारूप में खेले जाएंगे। इस अंतरराष्ट्रीय एक्सचेंज सीरीज में नेपाल की टीम में तीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल होंगे।
आईसीसी कोच शानू काज़मी होंगे मुख्य कोच, नेपाल के तीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी लेंगे हिस्सा
लखनऊ क्रिकेट एकेडमी ने शौर्य सिंह के अनुभव और नेतृत्व क्षमता पर भरोसा जताते हुए उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी दी है। बाएं हाथ के बल्लेबाज और ऑलराउंडर शौर्य से टीम को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी आईसीसी कोच शानू काज़मी संभालेंगे, जबकि अमन रिज़वी सहायक कोच की भूमिका निभाएंगे।
दोनों देशों के खिलाड़ियों को मिलेगा अनुभव साझा करने का मौका
एलसीए के सचिव अर्शी रज़ा ने बताया कि इंडो-नेपाल टी-20 एक्सचेंज सीरीज का उद्देश्य दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच खेल के माध्यम से आपसी संवाद बढ़ाना और क्रिकेट के अनुभवों का आदान-प्रदान करना है।
इस पहल से लखनऊ के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट को करीब से समझने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा।
ये भी पढ़ें : नेपाल की सुदूरपश्चिम रॉयल्स टीम लखनऊ पहुंची, 13 अक्टूबर से टी20 सीरीज
लखनऊ क्रिकेट एकेडमी की 15 सदस्यीय टीम : शौर्य सिंह (कप्तान), आदित्य प्रताप सिंह, आदित्य कुमार सिंह, कुशाग्र सिंह, प्रियांशु पांडे, फहाद अहमद, बृजेश सिंह, लबीब रज़ा, प्रतीक सिंह, दीपांशु सिंह, ईशान गुप्ता, शैलेंद्र, इब्राहिम रज़ा, सत्यम तिवारी, अहसान आज़ाद और फरहान मुर्तज़ा। कोचिंग स्टाफ: मुख्य कोच शानू काज़मी और सहायक कोच अमन रिज़वी।













