हैदराबाद। तेलंगाना की टीम काकतिया नाइट्स ने शनिवार को यहां माइटी मराठाज को 6-0 से करारी शिकस्त देकर अपने घरेलू मैदान पर राउंड रॉबिन चरण का शानदार समापन किया।
दोनों टीमें पहले ही शीर्ष दो स्थानों पर रहते हुए क्वालीफायर में जगह पक्की कर चुकी थीं। ऐसे में यह मुकाबला रविवार को होने वाले पहले क्वालीफायर से पहले की रिहर्सल भर था। हालांकि, नाइट्स ने जीत के साथ अगले मुकाबले के लिए अपना आत्मविश्वास बढ़ा लिया।
नाइट्स के प्रमुख कंपाउंड तीरंदाज निको वीनर और ज्योति सुरेखा वेन्नम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तेज हवा के बीच भी अपने सभी 60 में से 60 निशाने साधे। नेकलेस रोड स्थित पीपुल्स प्लाजा में आयोजित इस मुकाबले में दोनों ने बेहतरीन सटीकता दिखाई।
नाइट्स ने माइटी मराठाज को 6-0 से हराया, लीग में रही शीर्ष पर
माइटी मराठाज ने शुरुआत में अपने स्टार रिकर्व तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा को आराम देने का फैसला किया। टीम पहले दो सेट में 70 अंक का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी और लय हासिल करने के लिए संघर्ष करती रही। तीसरे सेट में धीरज और अलेजांद्रा वेलेंसिया के उतरने से टीम के प्रदर्शन में सुधार हुआ और उसने 74 अंक बनाए।
हालांकि, नाइट्स ने 78 अंक का शानदार स्कोर करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। नाइट्स ने भी अपने शानदार फॉर्म में चल रहे रिकर्व तीरंदाज नीरज चौहान को आराम दिया था।
यह जीत रविवार को होने वाले पहले क्वालीफायर से पहले नाइट्स के लिए अच्छा संकेत है। दोनों टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी और इस मुकाबले से सीजन के पहले फाइनलिस्ट का फैसला होगा।

दुनिया की पहली फ्रेंचाइजी आधारित तीरंदाजी लीग आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) की शुरुआत भारतीय तीरंदाजी संघ ने की है। इसमें छह टीमें और कुल 48 तीरंदाज शामिल हैं, जिनमें 36 भारतीय और 12 शीर्ष अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं।
स्पेन के लिए 1992 ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले और वर्ल्ड आर्चरी के कार्यकारी निदेशक जुआन कार्लोस होलगाडो ने लीग को सफल बनाने के लिए भारतीय तीरंदाजी संघ के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि अन्य देशों को भी एपीएल के मॉडल का अध्ययन करना चाहिए। यह लीग कंपाउंड और रिकर्व तीरंदाजों को एक मनोरंजक और प्रसारण के अनुकूल प्रारूप में एक साथ लाती है।
होलगाडो ने कहा, “बहुत कम तीरंदाजी महासंघों के पास इस तरह की लीग शुरू करने की ताकत, संसाधन और वित्तीय क्षमता है। वर्ल्ड आर्चरी को इस पहल का समर्थन करके खुशी हो रही है। उम्मीद है कि कुछ अन्य देश भी इसी तरह के मॉडल को अपनाएंगे, हालांकि निकट भविष्य में ऐसा होता मुझे नहीं दिख रहा है।”
ये भी पढ़ें : प्लेऑफ की दौड़ से बाहर चीफ्स ने बिगाड़ा रॉयल्स का खेल, 5-3 से जीता मैच
उन्होंने कहा, “मुझे यकीन है कि दक्षिण कोरिया और अमेरिका जैसे देश इस लीग पर नजर रख रहे हैं और सोच रहे होंगे कि अपने आयोजनों को दर्शकों के लिए अधिक दिलचस्प कैसे बनाया जाए।
कंपाउंड और रिकर्व का यह मेल, टीम भावना और देश की संस्कृति से जुड़ी पहचान एक बेहतरीन अवधारणा है। मुझे विश्वास है कि कुछ देश इसके कुछ हिस्सों को अपनाने पर चर्चा करेंगे और विचार करेंगे कि आगे क्या किया जा सकता है।”
रविवार को पहले क्वालीफायर में माइटी मराठाज और काकतिया नाइट्स के बीच मुकाबले से दिन की शुरुआत होगी। इस मैच की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी।
हारने वाली टीम को शनिवार रात खेले जाने वाले पहले एलिमिनेटर के विजेता के खिलाफ दूसरे मुकाबले में फाइनल में जगह बनाने का एक और मौका मिलेगा। इसके बाद रोमांचक सीजन का समापन ग्रैंड फिनाले के साथ होगा।
आर्चरी प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन का प्रसारण सोनीलिव, दूरदर्शन, भारतीय तीरंदाजी संघ के यूट्यूब चैनल और आर्चरी+ पर किया जा रहा है। टिकट जोमैटो के डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।
- स्कोर: 10वां दिन (17 अक्टूबर), रात 8:30 बजे तक
- मैच 1: काकतिया नाइट्स ने माइटी मराठाज को 6-0 (77-69, 72-64, 78-74) से हराया।













