‘नृत्यांजलि’ डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप: दिव्यांग और वंचित बच्चों की प्रतिभा को मिला मंच

0
24

लखनऊ। जब हौसलों को मंच मिलता है, तो सीमाएं मायने नहीं रखतीं। इसी संदेश को साकार करते हुए लखनऊ ज़िला डांस स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘नृत्यांजलि’ डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का भव्य आयोजन रविवार को बीरबल साहनी इंस्टीट्यूट, लखनऊ में उत्साह और संवेदनशीलता के साथ हुआ।

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से जीता दिल

यह प्रतियोगिता विशेष रूप से दिव्यांगजनों और मलिन बस्तियों के बच्चों को समर्पित रही, जहां 110 प्रतिभागियों ने अपनी जीवंत नृत्य प्रस्तुतियों से यह साबित कर दिया कि अवसर मिलने पर वे किसी से कम नहीं। मंच पर उनकी ऊर्जा, आत्मविश्वास और समर्पण ने दर्शकों को भावुक कर दिया और कई प्रस्तुतियां देर तक तालियों की गूंज बटोरती रहीं।

कार्यक्रम की एक खास झलक तब देखने को मिली, जब लखनऊ विश्वविद्यालय में अध्ययनरत श्रीलंका की छात्रा एन.के. समनमाली ने अपनी प्रस्तुति से आयोजन में अंतरराष्ट्रीय रंग भर दिया और दर्शकों की विशेष सराहना हासिल की।

इस अवसर पर बीरबल साहनी इंस्टीट्यूट ऑफ पेलियोबॉटनी के निदेशक प्रो. महेश ठक्कर ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच समावेशिता की भावना को मजबूत करते हैं और उन प्रतिभाओं को सामने लाते हैं, जिन्हें अक्सर अवसर नहीं मिल पाता।

शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सह-संयोजक संजय स्वामी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियां भी मजबूत इच्छाशक्ति के आगे टिक नहीं सकतीं और दृढ़ संकल्प व निरंतर प्रयास से हर चुनौती को पार किया जा सकता है।

इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजनों को शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों में समान अवसर देना ही सच्चे सशक्तिकरण की पहचान है।

इस आयोजन में परफॉर्मिंग आर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास और जन शिक्षण संस्थान, लखनऊ का विशेष सहयोग रहा जिसके अंत में विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बैटल स्पोर्ट्स डांस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के मुख्य कार्यकारी अधिकारी केबी पंत ने कहा कि ‘नृत्यांजलि’ जैसे आयोजन दिव्यांगजनों और मलिन बस्ती के बच्चों को डांस स्पोर्ट्स के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में लखनऊ मेट्रो के जॉइंट जनरल मैनेजर पंचानन मिश्रा और स्पेशल ओलंपिक्स वेटलिफ्टर इच्छा पटेल की उपस्थिति ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। साथ ही बैटल स्पोर्ट्स डांस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. नीरज जैन, सचिव कमल जोशी, डांस स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ लखनऊ के अध्यक्ष सदन कुमार यादव और कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के महासचिव जसपाल सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने इस पहल की सराहना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here