सहारनपुर में रचा इतिहास: पहला इंटरनेशनल इंटीग्रल फाइटिंग सेमिनार सफल

0
19

सहारनपुर : सहारनपुर के खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी और गौरवपूर्ण खबर है। आज सहारनपुर शहर ने खेल जगत में एक नया इतिहास रच दिया है। शहर में पहली बार “प्रथम इंटरनेशनल इंटीग्रल फाइटिंग ट्रेनिंग सेमिनार” का भव्य आयोजन किया गया, जिसे इंडियन इंटीग्रल फाइटिंग एसोसिएशन द्वारा सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

यह मार्शल आर्ट भारत में पहली बार शुरू हो रहा है, और इसकी शुरुआत सहारनपुर से होना शहर के लिए गर्व की बात है। इस ऐतिहासिक अवसर पर फ्रांस (यूरोप) से पधारे ग्रैंड मास्टर पैट्रिक लेवेट, जो कि इंटरनेशनल फाइटिंग वर्ल्ड फेडरेशन के टेक्निकल डायरेक्टर हैं, खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए उपस्थित हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रैंड मास्टर पैट्रिक लेवेट एवं सहारनपुर क्षेत्र के स्पोर्ट्स ऑफिसर श्री राहुल चोपड़ा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उनके मार्गदर्शन और उपस्थिति ने इस आयोजन को और अधिक गरिमा प्रदान की।

इस अवसर पर राहुल चोपड़ा ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा, “खेल केवल शारीरिक शक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती का भी आधार है। इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय सेमिनार युवाओं को नई दिशा और वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुझे विश्वास है कि सहारनपुर के खिलाड़ी आने वाले समय में देश का नाम रोशन करेंगे।”

इस अवसर पर इंडियन इंटीग्रल फाइटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद तिवारी, जॉइंट सचिव कशिश चावला , ट्रेजरर हर्षित अग्रवाल,उत्तर प्रदेश इंटीग्रल फाइटिंग एसोसिएशन की अध्यक्ष सुशमा, पुष्पेंद्र सैनी, हर्ष अरोड़ा, सुमित, विभा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

यह आयोजन न केवल सहारनपुर बल्कि पूरे भारत में इंटीग्रल फाइटिंग को एक नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here