हाईलाइट्स
- अमरावती स्पोर्ट्स सिटी की क्रिकेट अकादमी में खिलाड़ियों से किया संवाद
- साझा किए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अनुभव
लखनऊ। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी प्रतीका रावल ने अमरावती स्पोर्ट्स सिटी की क्रिकेट अकादमी का दौरा कर युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने अपने क्रिकेट करियर और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के अनुभव साझा किए। साथ ही खिलाड़ियों को तकनीक, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के जरिए अपने खेल में सुधार करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतीका ने युवा क्रिकेटरों को बताया कि उच्च स्तर पर प्रदर्शन करने के लिए खेल की बुनियादी तकनीकों पर मजबूत पकड़ और नियमित अभ्यास जरूरी है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की चुनौतियों और उसके लिए की जाने वाली तैयारियों के बारे में भी जानकारी दी। खिलाड़ियों ने उनसे क्रिकेट से जुड़े सवाल पूछे और उनके अनुभवों से खेल की बारीकियां समझीं।
इस दौरान प्रतीका रावल ने अकादमी में उपलब्ध क्रिकेट सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने यहां अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को मिल रहे प्रशिक्षण की सराहना की।
उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के विकास में बेहतर खेल वातावरण, नियमित अभ्यास और सही मार्गदर्शन की अहम भूमिका होती है। युवा खिलाड़ियों के बीच आकर उनसे बातचीत करना उनके लिए अच्छा अनुभव रहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ी भविष्य में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अमरावती स्पोर्ट्स सिटी के संस्थापक एवं अध्यक्ष रजनीकांत मिश्रा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाली खिलाड़ी से सीधे संवाद युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणादायक है।
संस्थान का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाओं, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था और अनुभवी कोचों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखारकर उच्च स्तर पर प्रदर्शन कर सकें।
गौरतलब है कि प्रतीका रावल ने 2025 आईसीसी महिला वनडे विश्व कप में भारतीय टीम की खिताबी जीत में अहम योगदान दिया था। उन्होंने टूर्नामेंट के सात मुकाबलों में 308 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका शतक भी टीम के लिए महत्वपूर्ण रहा।
ये भी पढ़ें : खेलों से सर्वांगीण विकास का संदेश, अमरावती स्पोर्ट्स सिटी में मना स्पोर्ट्स डे










