लखनऊ। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने स्पोर्ट्स कॉलेज में कोच के रिक्त पदों को डेप्युटेशन के माध्यम से जल्द भरने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने खेल विभाग की कार्ययोजना भी एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने को कहा है। विधानसभा स्थित सभागार में सोमवार को विभागीय योजनाओं और निर्मित व निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से मिले सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए।
खेल विभाग की समीक्षा बैठक में परियोजनाओं और कोच भर्ती पर जोर
यादव ने युवा कल्याण विभाग की वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत 14 परियोजनाओं के आगणन प्रस्ताव संबंधित जनपदों से जल्द मंगाने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद धनराशि कार्यदायी संस्था को भेजकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिन जनपदों में खेल प्रशिक्षकों का चयन अब तक नहीं हुआ है, वहां चयन प्रक्रिया जल्द पूरी कराने को कहा। वहीं, जिन जनपदों में आउटसोर्सिंग एजेंसी के चयन की प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हुई है, वहां के जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
खेल मंत्री ने जनपद स्तर पर युवा उत्सव-‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ का व्यापक आयोजन कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विकास खंडों में संपर्क कर अधिक से अधिक टीमों को कार्यक्रम में शामिल कराने के निर्देश दिए।
साथ ही जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम की पूर्व सूचना देकर उन्हें आमंत्रित करने को कहा। बैठक में सचिव खेल एवं महानिदेशक युवा कल्याण सुहास एलवाई, निदेशक खेल आरपी सिंह, लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपेंद्र यादव समेत शासन और विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़े: खेल अवस्थापनाओं के विकास को लेकर मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने की समीक्षा बैठक













