वाराणसी : कोलकाता के 31 वर्षीय सुनीत चौरसिया ने शुक्रवार को कोर्स रिकॉर्ड छह-अंडर 64 का शानदार कार्ड खेलते हुए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन–वाराणसी के दूसरे राउंड के बाद कुल नौ-अंडर 131 के स्कोर के साथ दो शॉट की बढ़त हासिल कर ली। 25 लाख रुपये की इनामी राशि वाला यह उद्घाटन टूर्नामेंट बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में खेला जा रहा है।
स्थानीय गोल्फर हेमंत यादव ने भी 64 का स्कोर दागकर दूसरा स्थान हासिल किया
सुनीत (67-64), जो वर्तमान में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर हैं, वाराणसी में शानदार लय के साथ पहुंचे हैं। उन्होंने मार्च में पटना गोल्फ क्लब में आयोजित अल्फा स्पोर्ट्स अकादमी गोल्फ चैंपियनशिप और पिछले सप्ताह लखनऊ में विजय कुमार मेमोरियल टूर्नामेंट जीतकर लगातार दो खिताब अपने नाम किए थे। अब कोलकाता के इस खिलाड़ी के पास लगातार तीसरा खिताब जीतकर हैट्रिक पूरी करने का मौका है।
वाराणसी के 28 वर्षीय हेमंत यादव (69-64) ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए छह-अंडर 64 का कार्ड बनाया और सुनीत के नए कोर्स रिकॉर्ड की बराबरी की। बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बीएलडब्ल्यू) के कर्मचारी हेमंत अपने घरेलू कोर्स पर खेल रहे हैं। उन्होंने पहले दिन संयुक्त छठे स्थान से छलांग लगाकर कुल सात-अंडर 133 के स्कोर के साथ अकेले दूसरे स्थान पर कब्जा कर लिया और अंतिम राउंड से पहले बढ़त को सिर्फ दो शॉट तक सीमित कर दिया।

Shotgun format में पार-5 नौवें होल से शुरुआत करने वाले सुनीत ने शुरुआती बर्डी के बाद 14वें से 18वें
होल के बीच पांच होलों में चार बर्डी लगाकर लय पकड़ ली। इसके बाद पार-4 चौथे होल पर एक और बर्डी
ने उन्हें छह-अंडर 64 के नए कोर्स रिकॉर्ड तक पहुंचाया।
यह टूर्नामेंट का संयुक्त रूप से सबसे कम स्कोर भी रहा। इसके साथ ही उन्होंने पहले दिन के संयुक्त बढ़तधारियों मथुरा के मुकीम अली और नोएडा के दीपांकर कौशल को पीछे छोड़ दिया।
सुनीत ने कहा, बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। छह-अंडर का स्कोर बनाना हमेशा संतोषजनक होता है
और आज जिस तरह मैंने खेला, उससे मैं काफी खुश हूं। अंतिम राउंड से पहले फिर से लीडरबोर्ड में शीर्ष पर
होना अच्छी स्थिति है।
उन्होंने आगे कहा, कोर्स के अंदर और बाहर जो मेहनत मैं कर रहा हूं, उसका फायदा अब दिखने लगा है।
सबसे जरूरी बात यही है कि मैं कुछ भी बदलना नहीं चाहता। पिछले कुछ हफ्तों से जो प्रक्रिया और
रणनीति मेरे लिए काम कर रही है, उसी पर कायम रहूंगा।
लगातार तीसरे खिताब की संभावना पर सुनीत ने कहा, बेशक यह खास उपलब्धि होगी, लेकिन मेरा पूरा
ध्यान कल के राउंड पर है। मैं अपना खेल खेलने, धैर्य बनाए रखने और काम पूरा होने के बाद ही जश्न के
बारे में सोचने की कोशिश करूंगा।
सुनीत ने अपने शानदार प्रदर्शन का श्रेय ड्राइविंग और पटिंग को दिया। उन्होंने कहा, इस सप्ताह मेरी
ड्राइविंग सबसे बड़ी ताकत रही है।
टी से मैं गेंद को सही जगह पर रख पा रहा हूं, जिससे कोर्स काफी आसान हो गया है। मेरी पटिंग भी अच्छी रही है, खासकर 10 से 15 फीट की दूरी से, और इससे महत्वपूर्ण मौकों पर मौके भुनाने में मदद मिली।
Shotgun format में पार-5 18वें होल से शुरुआत करने वाले हेमंत ने एक बोगी के मुकाबले सात बर्डी लगाकर खिताब की दौड़ में खुद को मजबूती से शामिल कर लिया। जनवरी में क्वालिफाइंग स्कूल के जरिए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई कार्ड हासिल करने वाले हेमंत अपने पहले पेशेवर सीजन में खेल रहे हैं।
वह वर्तमान में नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट में 12वें स्थान पर हैं और इस सीजन में चार कट तथा दो टॉप-10 फिनिश
दर्ज कर चुके हैं। अपने प्रदर्शन पर हेमंत ने कहा, मुझे लगता है कि मैं इससे भी बेहतर स्कोर कर सकता था क्योंकि मैंने कुछ आसान पट मिस किए, लेकिन यह खेल का हिस्सा है। छह-अंडर का राउंड हमेशा आत्मविश्वास बढ़ाता है
और अंतिम दिन के लिए सकारात्मक ऊर्जा देता है।
उन्होंने आगे कहा, कल का लक्ष्य सरल है—वही चीजें अच्छी तरह करना जारी रखना, धैर्य बनाए रखना
और अपनी गेम प्लान पर टिके रहना। मथुरा के मुकीम अली (67-68), जो पहले दिन संयुक्त बढ़त पर थे, दो-अंडर 68 के राउंड के बाद कुल पांच- अंडर 135 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।
पार-4 पहले होल से शुरुआत करने वाले मुकीम ने अपने शुरुआती होल पर ईगल लगाया और पांच बर्डी भी जोड़ीं, लेकिन तीन बोगी और एक डबल बोगी के कारण वह शीर्ष खिलाड़ियों की गति से तालमेल नहीं रख सके। दिल्ली के पवन वर्मा (68-68) ने लगातार दूसरे दिन दो-अंडर 68 का स्कोर बनाकर कुल चार-अंडर 136 के साथ चौथा स्थान हासिल किया।
कोलकाता के सौविक नायक (69-69) ने लगातार दूसरे दिन एक-अंडर 69 का कार्ड खेला और कुल दो-
अंडर 138 के स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रहे। पहले दिन के संयुक्त बढ़तधारियों में शामिल दीपांकर कौशल (67-75) दूसरे राउंड में कठिन 75 का स्कोर खेलने के बाद कुल दो-ओवर 142 के साथ संयुक्त नौवें स्थान पर खिसक गए।
कट का आंकड़ा छह-ओवर 146 रहा। 72 खिलाड़ियों में से 36 खिलाड़ी अंतिम राउंड के लिए क्वालिफाई
करने में सफल रहे। 2026 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट का विजेता 2027 सीज़न के लिए मुख्य डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई टूर में खेलने का विशेष अधिकार (एक्जेम्प्शन) प्राप्त करेगा।
पीजीटीआई अपने अंब्रेला पार्टनर डीपी वर्ल्ड के साथ-साथ अपने टूर पार्टनर्स एक्सिस बैंक, अमूल, कैंपा, कल्याणी, अमृतांजन एनरल्याइट, गोल्फ प्लस मंथली और गोल्फ डिजाइन इंडिया का भारत में पेशेवर गोल्फ के विकास और प्रोत्साहन में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त करता है।












