लखनऊ। ज्येष्ठ मास के सातवें बड़े मंगल के पावन अवसर पर लखनऊ पूर्वी विधानसभा के विधायक ओपी श्रीवास्तव ने राजधानी के विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और जनसेवा स्थलों पर आयोजित भंडारों एवं सेवा कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ महाप्रसाद ग्रहण किया और आयोजकों का उत्साहवर्धन किया।
इस क्रम में विधायक श्रीवास्तव ने डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के गेट संख्या-2 पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में प्रांत प्रचारक कौशल, विभाग प्रचारक अनिल, अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉ. विक्रम सिंह, पार्षद शैलेंद्र वर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इसके अलावा उन्होंने जियामऊ स्थित विश्व संवाद केंद्र में मीडिया संवाद आयाम द्वारा आयोजित भंडारे में प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के साथ सहभागिता की। यहां उन्होंने बजरंगबली के दर्शन-पूजन के बाद महाप्रसाद ग्रहण किया।
विधायक ओपी श्रीवास्तव ने विकास दीप बिल्डिंग, छितवापुर में मंजू श्रीवास्तव, छितवापुर चौराहे पर पूर्व पार्षद अमित सोनकर, वीरांगना झलकारी बाई महिला चिकित्सालय में धीरेन्द्र तिवारी, होटल सेवी ग्रैंड में सुरेश सिंह, विजयंत खंड गोमती नगर में सोहन नेगी,
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिनहट में बिजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, नारायण नगर फेज-2 इंदिरा नगर में जयप्रकाश पांडे, भूतनाथ मार्केट में सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष अमिताभ श्रीवास्तव तथा सहारा ट्रेड इंटर व्यापार मंडल के तत्वावधान में अभिषेक सिंह चौहान एवं मुकेश सिंह द्वारा आयोजित भंडारों में भी पहुंचकर श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर विधायक ओपी श्रीवास्तव ने कहा कि बड़े मंगल की परंपरा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, सामाजिक सद्भाव और लोककल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने सभी आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और भगवान हनुमान से प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, उन्नति और मंगल की कामना की।
ये भी पढ़ें : लखनऊ पूर्वी विधानसभा में ₹66.55 लाख की लागत से चार विकास कार्यों का शिलान्यास
ये भी पढ़ें : आस्था के रंग में रंगा इंदिरा नगर, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद












