राउरकेला : समलेश्वरी एससी गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को राउरकेला के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में भारतीय फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2026-27 सत्र के मुकाबले में गोवा की दिग्गज टीम डेम्पो एससी का सामना करेगी।
यह समलेश्वरी एससी का अपने घरेलू मैदान पर पहला मुकाबला होगा, जो क्लब के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। इस मुकाबले का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर किया जाएगा। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग यूनाइट 8 यूट्यूब चैनल, Z5 और वेव्सऐप पर उपलब्ध होगी।
अपने पहले ही आईएफएल अभियान में खेल रही समलेश्वरी एससी ने प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि, कोझिकोड में पूर्व आई-लीग चैंपियन गोकुलम केरल एफसी के खिलाफ टीम को 2-3 से करीबी हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले के सातवें मिनट के इंजरी टाइम में गोल खाने के कारण टीम जीत से चूक गई।
गोकुलम केरल एफसी के खिलाफ अर्जेंटीना के फॉरवर्ड पेरेयरा डियाज टीम के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी रहे। उन्होंने लगातार अपने आक्रामक प्रयासों से विपक्षी गोलकीपर को चुनौती दी और अंत में पेनल्टी को गोल में बदलकर टीम के लिए अहम योगदान दिया।
वहीं, विंगर साहिल हरिजन ने बाएंफ्लैंक से अपनी तेज तर्रार दौड़ और मौके बनाने की क्षमता से लगातार विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।
मुख्य कोच अब्दुल अजीम सिद्दीकी ने अपनी टीम में विभिन्न आयु वर्गों में भारतीय राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके 14 खिलाड़ियों और मजबूत स्थानीय प्रतिभाओं को शामिल किया है।उन्होंने कहा कि राउरकेला में आईएफएल के मुकाबलों का आयोजन राज्य की स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
समलेश्वरी एससी के मुख्य कोच अब्दुल अजीम सिद्दीकी ने कहा, “मैं बेहद खुश हूं कि आईएफएल राउरकेला में आयोजित हो रही है। इससे पहले ओडिशा में विकसित हुई स्थानीय प्रतिभाओं के पास अपनी क्षमता दिखाने का कोई मंच नहीं था और उन्हें खेलने के लिए कोलकाता या दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था।
हमारी अध्यक्ष जयनारायण मिश्रा के ओडिशा फुटबॉल के विकास के विजन के तहत हमारी टीम में ओडिशा के 10 खिलाड़ी हैं। इनमें संबलपुर स्थित मां समलेश्वरी स्पोर्ट्स अकादमी से निकले पांच खिलाड़ी भी शामिल हैं। इसके अलावा विक्की ओराम, रोशन पन्ना, समीर मुर्मू और साहिल हरिजन जैसी स्थानीय प्रतिभाएं भी टीम का हिस्सा हैं।”
अपनी टीम के संतुलन और राज्य में 10 घरेलू मुकाबले खेलने के महत्व पर बात करते हुए सिद्दीकी ने आगे कहा, “राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा काफी कठिन है, इसलिए हमने पांच विदेशी खिलाड़ियों को भी टीम में शामिल किया है। इनमें से दो खिलाड़ी अपने देशों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
इसके अलावा, हमारे 14 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। देशभर में घरेलू और विदेशी मैदानों पर मुकाबले खेलना फुटबॉल के विकास का सबसे अच्छा तरीका है।
टेलीविजन पर मैच देखने और स्टेडियम में जाकर मुकाबला देखने में बहुत अंतर होता है। यह मंच स्थानीय खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को भारतीय राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेगा।”
समलेश्वरी एससी के मिडफील्डर और पूर्व भारतीय अंडर-17 फीफा विश्वकप कप्तान कियाम अमरजीत सिंह ने भी घरेलू मैदान पर टीम के पहले मुकाबले से पहले प्रशंसकों से समर्थन की अपील की।
कियाम अमरजीत सिंह ने कहा, “राउरकेला और संबलपुर में पहली बार आईएफएल का आयोजन होना इस क्षेत्र में फुटबॉल के लिए एक शानदार अवसर है।
जब प्रशंसक स्टेडियम में आकर हमारा समर्थन करते हैं और ओडिशा के स्थानीय खिलाड़ियों को अर्जेंटीना और घाना जैसे देशों के विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए देखते हैं, तो इससे क्षेत्र में एक मजबूत खेल संस्कृति विकसित होती है।
हम अपने पहले घरेलू मुकाबले में मिल रहे समर्थन के लिए आभारी हैं और उम्मीद करते हैं कि बड़ी संख्या में प्रशंसक स्टेडियम पहुंचकर हमारा हौसला बढ़ाएंगे।”
ये भी पढ़ें : निशु का गोल बना निर्णायक, श्रीनिधि डेक्कन ने जीत से खोला खाता
दूसरी ओर, डेम्पो एससी भी अपने पहले मुकाबले में नाटकीय जीत दर्ज करने के बाद ओडिशा पहुंची है। गोल्डनईगल्स ने फातोर्डा में लीग की एक अन्य नवोदित टीम एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड को 1-0 से हराया था।
टीम की इस जीत के नायक घाना के डिफेंडर उज़िएल यॉअसोमानिंगबुडू रहे, जिन्होंने इंजरीटाइम के आठवें मिनट में हेडर के जरिए निर्णायक गोल किया।
पूरे मुकाबले में गेंद पर नियंत्रण बनाए रखने और कई मौके बनाने के बावजूद डेम्पो को मजबूत रक्षात्मक खेल दिखा रही बेंगलुरु की टीम के खिलाफ गोल के लिए अंतिमक्षणों तक इंतजार करना पड़ा। यह जीत टीम के धैर्य और लगातार प्रयासों का परिणाम रही।
बुडू ने न केवल रक्षापंक्ति में मजबूती दिखाई, बल्कि इंजरी टाइम में विजयी गोल करके निर्णायक भूमिका भी निभाई। वहीं, बागकर ने बाएं फ्लैंक से अपनी शानदार दौड़ और रचनात्मक खेल के जरिए लगातार मौके बनाए, जबकि गोलकीपर भट्टाचार्य ने दूसरे हाफ में एक अहम बचाव करते हुए टीम की क्लीनशीट सुनिश्चित की।
मुख्य कोच समीर नाइक के मार्गदर्शन में खेल रही गोवा की टीम अब गोल करने के मौकों को बेहतर तरीके से भुनाने पर ध्यान दे रही है। हालांकि, टीम ने समलेश्वरीएससी की चुनौती को लेकर पूरा सम्मान भी व्यक्त किया है।
डेम्पो एससी के मुख्य कोच समीर नाइक ने कहा, “कुल मिलाकर हमारी पूरी टीम ने शुरुआती मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन किया। हमने गेंद पर अच्छा नियंत्रण रखा, कई मौके बनाए और रक्षात्मकरूप से भी संगठित रहे, जिसके चलते हमें तीन अंक मिले।
हालांकि, हम जानते हैं कि हमें अपने मौकों को गोल में बदलने के मामले में और बेहतर करना होगा। कुछ नए खिलाड़ियों को टीम के साथ तालमेल बिठाने में थोड़ा समय लग रहा है, लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपने दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं। मुझे भरोसा है कि हर मुकाबले के साथ हमारा प्रदर्शन बेहतर होगा।”
समलेश्वरी एससी की चुनौती और राउरकेला तक के लंबे सफर के बारे में बात करते हुए नाइक ने कहा, “इस लीग में सभी टीमें बराबरी की हैं और कोई भी टीम प्रबल दावेदार नहीं है।
समलेश्वरी अपने पहले मुकाबले में 2-0 से पीछे थी, लेकिन उसने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 2-2 कर दिया था। टीम को सिर्फ इंजरी टाइम में हार का सामना करना पड़ा। उनके पास ऐसे अच्छे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने आईएसएल स्तर पर भी अपनी क्षमता साबित की है।
यहां तक पहुंचने के लिए हमारा सफर लंबा रहा, हालांकि यहां की खेल परिस्थितियां गोवा से काफी मिलती-जुलती हैं। पेशेवर खिलाड़ियों के तौर पर हम हर चुनौती के लिए तैयार हैं। अमय मोराजकर को छोड़कर, जिन्होंने आज व्यक्तिगत रूप से अभ्यास किया और जिनकी उपलब्धता का आकलन कल किया जाएगा, टीम के बाकी सभी खिलाड़ी फिट हैं।”
डेम्पो एससी के डिफेंडर पृथ्वेश पेडनेकर ने भी राउरकेला में टीम के पहले विदेशी मुकाबले से पहले ड्रेसिंग रूम के सकारात्मक माहौल पर बात की।
पृथ्वेश पेडनेकर ने कहा, “प्रशिक्षण सत्र में सभी खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर रहे हैं और पहले मुकाबले में तीन अंक हासिल करने के बाद टीम का माहौल काफी सकारात्मक है। शुरुआती मैच में हमने गेंद पर अच्छा नियंत्रण रखा और अंतिम मिनट तक प्रयास जारी रखे, जिसका हमें इनाम मिला।
हम पूरी तरह से कोच की रणनीति को मैदान पर लागू करने और कल के मुकाबले में जीत हासिल कर तीन अंक अपने साथ ले जाने पर केंद्रित हैं।”
आंकड़ों की बात करें तो यह मुकाबला दो ऐसी टीमों के बीच होगा, जिनके शुरुआती मैचों में इंजरी टाइम में नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला था। समलेश्वरी एससी ने 75वें और 90वें मिनट में गोल करके वापसी की थी, लेकिन 90+7वें मिनट में गोल गंवाने के कारण उसे हार का सामना करना पड़ा।
वहीं, डेम्पो एससी ने मैच डे-1 का सबसे आखिरी गोल 98वें मिनट यानी 90+8वें मिनट में दागकर जीत हासिल की थी। अपने पहले मुकाबले में डेम्पो एससी ने गेंद पर शानदार नियंत्रण दिखाते हुए 70 प्रतिशत पजेशन अपने नाम किया था। टीम ने केवल पहले हाफ में ही लगभग 250 पास पूरे किए थे।
दूसरी ओर, समलेश्वरी एससी ने दूसरे हाफ में 60वें मिनट के बाद आक्रामक खेल दिखाया और गोल पर लगातार कई प्रयास करते हुए दो गोल के अंतर को खत्म कर मुकाबले में वापसी की थी।
समलेश्वरी एससी जहां ओडिशा में अपने ऐतिहासिक घरेलू पदार्पण को पहली जीत और अभियान के पहले अंकों के साथ यादगार बनाना चाहेगी, वहीं डेम्पो एससी अपने पहले मुकाबले की नाटकीय जीत की लय को बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।












