जयपुर/गोवा : इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2026-27 सीजन के शुरुआती सप्ताहांत का समापन रविवार, 1 नवंबर 2026 को दो मुकाबलों के साथ होगा।
दिन के दोनों मुकाबलों में पिछले सीज़न की शीर्ष छह टीमों में शामिल तीन क्लब मैदान पर उतरेंगे, जबकि लीग में पहली बार खेल रही एक नई टीम भी अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

दिन के पहले मुकाबले में जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में राजस्थान यूनाइटेड एफसी का सामना श्रीनिधि डेक्कन एफसी से होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 4 बजे शुरू होगा।
वहीं, शाम के मुकाबले में पांच बार की राष्ट्रीय चैंपियन डेम्पो स्पोर्ट्स क्लब की भिड़ंत आईएफएल में पदार्पण कर रही एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड से होगी। यह मुकाबला गोवा के मडगांव स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शाम 6:30 बजे खेला जाएगा।
दोनों मुकाबलों का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग Z5, WAVES ऐप और Unite8 के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध रहेगी।
राजस्थान यूनाइटेड एफसी बनाम श्रीनिधि डेक्कन एफसी
राजस्थान यूनाइटेड एफसी और श्रीनिधि डेक्कन एफसी, दोनों ही टीमें 20 मैचों के होम-एंड-अवे प्रारूप वाले नए सीजन में पिछले सीजन के अपने शानदार प्रदर्शन को आगे बढ़ाने के इरादे से उतरेंगी। दोनों क्लबों ने 2025-26 सीजन में चैंपियनशिप राउंड के लिए क्वालीफाई किया था।
पिछले सीजन में श्रीनिधि डेक्कन एफसी ने 14 मैचों में सात जीत, पांच ड्रॉ और दो हार के साथ 26 अंक जुटाकर अंक तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया था। टीम चैंपियन डायमंड हार्बर एफसी (29 अंक) से तीन और उपविजेता शिलॉन्ग लाजोंग एफसी (28 अंक) से दो अंक पीछे रही थी। वहीं, राजस्थान यूनाइटेड एफसी ने 14 मैचों में पांच जीत, तीन ड्रॉ और छह हार के साथ 18 अंक जुटाकर चौथा स्थान हासिल किया था।
इटली के मुख्य कोच ग्यूसेप्पे क्रिस्टाल्डी के नेतृत्व में राजस्थान यूनाइटेड एफसी ने नए सीजन से पहले अपनी टीम में कई बदलाव किए हैं। मेजबान टीम ने अपनी डिफेंस को मजबूत करने के लिए स्पेनिश सेंटर-बैक आदि कास्टेलानो और
अनुभवी डिफेंडर हरमनजोत खाबरा को शामिल किया है। इसके अलावा ब्राजील के फॉरवर्ड डिएगो मॉरिसियो, स्पेनिश मिडफील्डर पेड्रो एस्ट्रे और विंगर्स पांगम्बम नोबा मेइतेई तथा थोम्यो शिमरे को भी टीम में जगह दी गई है।
आईएफएल में राजस्थान यूनाइटेड के मुख्य कोच के रूप में अपने पहले मुकाबले से पहले क्रिस्टाल्डी ने टीम के भीतर एकजुटता और एकाग्रता को अहम बताया। राजस्थान यूनाइटेड एफसी के मुख्य कोच ग्यूसेप्पे क्रिस्टाल्डी ने कहा, हमारी तैयारियां अच्छी रही हैं।
टीम पूरी तरह केंद्रित और एकजुट है, जो फुटबॉल में कई बार तकनीकी और सामरिक पहलुओं से भी ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। मेरा मानना है कि खेल में मानसिक मजबूती की बड़ी भूमिका होती है और इस लिहाज से हमारी तैयारी बिल्कुल सही दिशा में है। लीग में 11 टीमें हैं, 20 मुकाबले खेले जाने हैं और कुल 60 अंक दांव पर होंगे। ऐसे में प्रतिद्वंद्वी चाहे कोई भी हो, हर मैच का महत्व समान है। हम अपने घरेलू मैदान पर अभियान की शुरुआत कर रहे हैं और अपनी सकारात्मक ऊर्जा को मैदान पर अंकों में बदलना चाहेंगे।
राजस्थान यूनाइटेड एफसी के साथ अपना छठा सीजन खेलने जा रहे विंगर नोविन गुरुङ ने भी जयपुर में घरेलू मैदान पर अभियान की शुरुआत को लेकर अपने कोच की बातों का समर्थन किया।
नोविन गुरुङ ने कहा, पिछले छह सीजन से क्लब ने मुझ पर जो भरोसा और समर्थन दिखाया है, उसके लिए मैं आभारी हूं। मैंने इस क्लब को मैदान के अंदर और बाहर लगातार आगे बढ़ते देखा है। इस साल हमारी टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का अच्छा संतुलन है। अपने समर्थकों के सामने घरेलू मैदान पर सीजन की शुरुआत करना हमारा आत्मविश्वास बढ़ाता है और हम तीन अंक हासिल करने के लिए अपना पूरा जोर लगाएंगे।
दूसरी ओर, स्पेनिश मुख्य कोच एंटोनियो रुएडा के मार्गदर्शन में खेल रही श्रीनिधि डेक्कन एफसी ने भी अपनी टीम को मजबूत किया है। क्लब ने भारतीय फुटबॉल के अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों प्रीतम कोटल, प्रणय हलधर, निशु कुमार और जेरी माविमिंगथांगा को टीम में शामिल किया है, जबकि गोलकीपर कमलजीत सिंह को बरकरार रखा है।
श्रीनिधि डेक्कन एफसी के मुख्य कोच एंटोनियो रुएडा ने कहा, एक मजबूत परियोजना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के समूह के साथ भारत लौटकर मुझे खुशी हो रही है। हमारा पहला मुकाबला चुनौतीपूर्ण होगा, क्योंकि राजस्थान के पास अच्छे विदेशी और भारतीय खिलाड़ी हैं। हमने उनकी टीम का विश्लेषण किया है, हम उनका सम्मान करते हैं और अपनी रणनीति को मैदान पर लागू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
अनुभवी घरेलू खिलाड़ियों के टीम से जुड़ने पर रुएडा ने कहा, हम इन खिलाड़ियों के टीम में शामिल होने से खुश हैं, क्योंकि वे भारतीय फुटबॉल और राष्ट्रीय टीम के साथ खेलने का उच्चस्तरीय अनुभव लेकर आए हैं। इससे युवा खिलाड़ियों को स्थापित पेशेवर खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए आगे बढ़ने के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।
कोलंबिया के स्ट्राइकर और क्लब कप्तान डेविड कास्टानेडा लगातार छठे सीजन में श्रीनिधि डेक्कन एफसी की आक्रमण पंक्ति की अगुवाई करेंगे।
कास्टानेडा ने कहा, श्रीनिधि डेक्कन मेरे लिए घर जैसा है। पिछले सीजन में हम खिताब जीतने के बेहद करीब पहुंचे थे और उस अनुभव से हमने काफी कुछ सीखा है।
टीम में शामिल हुए नए खिलाड़ियों ने ड्रेसिंग रूम में गुणवत्ता, तकनीक और नेतृत्व क्षमता जोड़ी है। अपने साथियों के लिए मेरा संदेश बिल्कुल स्पष्ट है—हमें सभी 20 मुकाबलों को फाइनल की तरह लेना होगा और एक टीम के रूप में मिलकर प्रतिस्पर्धा करनी होगी।
आमने-सामने
इस मुकाबले में श्रीनिधि डेक्कन एफसी का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच सभी प्रतियोगिताओं में अब तक खेले गए 10 मुकाबलों में, जिनमें आठ आईएफएल/आई-लीग के मैच शामिल हैं, श्रीनिधि डेक्कन ने सात जीत दर्ज की हैं, जबकि राजस्थान यूनाइटेड को दो मुकाबलों में सफलता मिली है। एक मैच ड्रॉ रहा है।
आईएफएल/आई-लीग में दोनों टीमों के बीच हुए आठ मुकाबलों में डेक्कन वॉरियर्स ने छह में जीत हासिल की है। इसमें 2025-26 सीजन के दोनों मुकाबले भी शामिल हैं। श्रीनिधि डेक्कन ने 12 अप्रैल 2026 को हैदराबाद में 2-1 से जीत दर्ज की थी, जबकि 24 अप्रैल 2026 को चैंपियनशिप राउंड में इंजरी टाइम में गोल करके एक और 2-1 की रोमांचक जीत हासिल की थी।
डेम्पो एससी बनाम एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड
फातोर्डा में गोवा के एक ऐतिहासिक फुटबॉल क्लब का सामना उस टीम से होगा, जो पहली बार इस स्तर की प्रतियोगिता में अपना अभियान शुरू करने जा रही है।
एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड 2025-26 आई-लीग 2 सीजन में उपविजेता रहते हुए प्रमोशन हासिल करने के बाद पहली बार अपने क्लब इतिहास में इंडियन फुटबॉल लीग में हिस्सा लेगी।
15 मई 2026 को खेले गए दूसरे डिवीजन के सीजन के अंतिम दिन एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड ने मुंबई के नेविल डिसूजा ग्राउंड में जीएमएससी के खिलाफ 1-1 से महत्वपूर्ण ड्रॉ खेला था। इस नतीजे के साथ बेंगलुरु की टीम ने आठ मैचों में चार जीत, तीन ड्रॉ और एक हार के साथ 15 अंक हासिल किए थे। टीम के अंक यूनाइटेड स्पोर्ट्स क्लब के बराबर थे, जिसने कल्याणी में चैंपियन दिल्ली एफसी के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था।
हालांकि, बेहतर गोल अंतर (+6) के आधार पर एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड ने आईएफएल में प्रमोशन हासिल करने वाली दूसरी टीम का स्थान पक्का किया। टीम ने 12 गोल किए थे और छह गोल खाए थे, जबकि यूनाइटेड स्पोर्ट्स क्लब का गोल अंतर +2 था।
पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नल्लप्पन मोहनराज के मार्गदर्शन और लालरामदिनसांगा राल्टे की कप्तानी में खेल रही एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड ने प्रमोशन हासिल करने वाली अपनी टीम के मुख्य खिलाड़ियों को बरकरार रखा है। इसके अलावा तीन विदेशी खिलाड़ियों को मैदान पर उतारने के नियम के अनुरूप क्लब ने कोलंबिया के माईकोल हेरेरा और ब्रायन कुंडुमी के साथ रूसी स्ट्राइकर मारात तारेक को भी टीम में शामिल किया है।
आईएफएल में क्लब के ऐतिहासिक पदार्पण से पहले मुख्य कोच मोहनराज ने क्लब प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने लीग में एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड को एक स्थायी और मजबूत टीम के रूप में स्थापित करने का संकल्प जताया। उन्होंने कर्नाटक के उन क्लबों के इतिहास का भी जिक्र किया, जिन्होंने प्रमोशन हासिल करने के बाद लीग में जगह बनाई थी।
एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड के मुख्य कोच नल्लप्पन मोहनराज ने कहा, सबसे पहले मैं हमारे क्लब के मालिकों, श्री शिवुलाल और गौरव का बेहद आभारी हूं, जिन्होंने मुझे मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी और पिछले कई वर्षों में इस क्लब को इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया।
हमें उन खिलाड़ियों पर गर्व है, जिन्होंने पिछले सीजन में टीम को प्रमोशन दिलाया। आईएफएल में हिस्सा लेने वाला कर्नाटक का एकमात्र क्लब होने के नाते हमारे लिए यह सीजन बेहद रोमांचक होने वाला है।
डेम्पो एससी के खिलाफ शुरुआती चुनौती और सीजन के लक्ष्यों पर बात करते हुए मोहनराज ने कहा, डेम्पो स्पोर्ट्स क्लब का भारतीय फुटबॉल में समृद्ध इतिहास रहा है। अपने खिलाड़ी करियर के दौरान मैंने डेम्पो के खिलाफ मुकाबले खेले हैं और अब कोच के रूप में अपने पहले मैच में उसके घरेलू मैदान पर उसका सामना करना मेरे लिए काफी दिलचस्प होगा।
पिछले दो दशकों में कर्नाटक के क्लब तीन बार इस लीग में प्रमोट हुए हैं—एचएएल दो बार और स्पोर्टिंग बेंगलुरु एक बार। दुर्भाग्य से, तीनों ही मौकों पर उन्हें उसी सीजन में रेलिगेशन का सामना करना पड़ा।
हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड के साथ ऐसा न हो। हमने पूरे सीजन के लिए अच्छी तैयारी की है और हमारा लक्ष्य इस स्तर पर अपनी जगह बनाए रखने के साथ-साथ अंक तालिका में अधिक से अधिक ऊपर पहुंचना है।
एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड के सबसे लंबे समय से क्लब के साथ जुड़े खिलाड़ी सृजिथ आर के लिए रविवार का मुकाबला एक लंबे सफर का महत्वपूर्ण पड़ाव होगा। वह क्लब की स्थापना के समय से ही टीम का हिस्सा रहे हैं।
सृजिथ आर ने कहा, क्लब की स्थापना के समय से इसका हिस्सा होने के नाते यह मेरे लिए बेहद खास पल है। आईएफएल के लिए क्वालीफाई करने के एकमात्र लक्ष्य के साथ इस सफर में हमने कई चुनौतियों का सामना किया है।
स्थानीय खिलाड़ी होने के नाते इस बड़े मंच पर उतरना और आईएफएल के कई ऐतिहासिक क्लबों के खिलाफ खेलना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। हम इस चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
अपने पहले मुकाबले में एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड के सामने डेम्पो स्पोर्ट्स क्लब की चुनौती होगी। डेम्पो ने भी 2025- 26 आईएफएल सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित चैंपियनशिप राउंड के लिए क्वालीफाई किया था।
पिछले सीजन में समीर नाइक की टीम ने स्टेज-I में नौ मैचों से नौ अंक हासिल कर छठा स्थान प्राप्त किया था। टीम ने हेड-टू-हेड रिकॉर्ड के आधार पर आइजॉल एफसी को पीछे छोड़ा था। इसके बाद चैंपियनशिप राउंड की अंतिम अंक
तालिका में डेम्पो ने 14 मैचों में तीन जीत, छह ड्रॉ और पांच हार के साथ 15 अंक जुटाकर छठा स्थान हासिल किया। टीम के अंक पांचवें स्थान पर रही चनमारी एफसी के बराबर थे।
रविवार के मुकाबले से पहले डेम्पो एससी के मुख्य कोच समीर नाइक ने टीम की तीन महीने की प्री-सीजन तैयारियों पर संतोष जताया। इस दौरान क्लब ने अनुभवी मिडफील्डर रॉलिन बोर्जेस और डिफेंडर अथुल उन्नीकृष्णन को टीम में शामिल किया।
इसके अलावा डेम्पो स्पोर्ट्स अकादमी से कई युवा खिलाड़ियों को सीनियर टीम में प्रमोट किया गया है। नाइक ने लीग में एक बार फिर होम-एंड-अवे प्रारूप की वापसी का भी स्वागत किया।
डेम्पो एससी के मुख्य कोच समीर नाइक ने कहा, अच्छी शुरुआत हमेशा महत्वपूर्ण होती है और अगर हम जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करते हैं, तो इससे हमें चैंपियनशिप के लिए लड़ने की प्रेरणा मिलेगी। हमने पिछले तीन महीनों में शानदार तैयारी की है।
प्री-सीजन के अपने तीनों मुकाबलों में हमने बड़े अंतर से जीत दर्ज की और हमारा प्रदर्शन सकारात्मक रहा। इस सीजन में डबल-लेग प्रारूप की वापसी के साथ एआईएफएफ ने स्थिति को लेकर
स्पष्टता दी है, जिसका हम स्वागत करते हैं। पिछले साल शुरुआती चरण में सिंगल-राउंड प्रारूप खिलाड़ियों और कोचों, दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में पूरा कार्यक्रम समय पर मिलने से लीग और अधिक प्रतिस्पर्धी बनेगी।
नव-प्रमोटेड एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड के खिलाफ चुनौती और युवा खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने के सवाल पर नाइक ने कहा, मेरे लिए इस लीग की सभी टीमें बराबर हैं। एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड यहां संयोग से नहीं पहुंची है,
बल्कि उसने डिवीजन-2 में कड़ी मेहनत करके अपनी जगह बनाई है। हमारी ओर से इस साल युवा विकास टीमों से कई खिलाड़ियों को सीनियर टीम में प्रमोट किया गया है। अकादमी स्तर पर कोचों ने शानदार काम किया है और यह सीजन हमारे घरेलू स्तर पर तैयार हुए खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बेहतरीन अवसर है।
डेम्पो एससी के साथ एक और सीजन के लिए वापसी करने वाले घाना के फॉरवर्ड रिचमंड क्वासी ओवुसु ने भी फातोर्डा में घरेलू मैदान के फायदे का पूरा लाभ उठाने की प्रतिबद्धता जताई।
डेम्पो एससी के फॉरवर्ड रिचमंड क्वासी ओवुसु ने कहा, एक और सीजन के लिए डेम्पो स्पोर्ट्स क्लब में वापसी करके मैं बेहद खुश और गौरवान्वित हूं। हमने ट्रेनिंग में बहुत मेहनत की है और खिलाड़ियों तथा कोचिंग स्टाफ के बीच पूरा भरोसा है।
मेरा व्यक्तिगत लक्ष्य अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है, ताकि हम एक बड़े परिवार की तरह मिलकर खेलें और चैंपियनशिप जीत सकें। मैं अपने सभी प्रशंसकों से अपील करता हूं कि वे कल बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचें और हमारी पहली जीत में हमारा समर्थन करें।
आमने-सामने
रविवार का मुकाबला इंडियन फुटबॉल लीग में दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला होगा। हालांकि, डेम्पो एससी और एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड का सामना 2023-24 आई-लीग 2 सीजन में दो बार हुआ था, जिसमें दोनों टीमों ने एक-एक जीत दर्ज की थी।
एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड ने 27 जनवरी 2024 को गोवा में डेम्पो को 1-0 से हराया था। इसके बाद 3 अप्रैल 2024 को बेंगलुरु में डेम्पो ने 2-1 से जीत दर्ज कर पिछली हार का बदला लिया था। इसी जीत के साथ डेम्पो ने उस साल प्रमोशन हासिल करने की दिशा में अहम कदम बढ़ाया था।
राजस्थान यूनाइटेड एफसी और श्रीनिधि डेक्कन एफसी जहां सीजन की शुरुआत में ही अपनी दावेदारी मजबूत करना चाहेंगी, वहीं डेम्पो एससी अपनी शानदार प्री-सीजन तैयारियों को मैदान पर उतारने के इरादे से उतरेगी।
दूसरी ओर, एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड अपने ऐतिहासिक पदार्पण को यादगार बनाना चाहेगी। ऐसे में रविवार का डबल हेडर आईएफएल के शुरुआती सप्ताहांत का रोमांचक समापन होने का वादा करता है।













