शिया महाविद्यालय में 100 पौधों का रोपण, हर पौधे की देखभाल का संकल्प

0
53

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार शिया महाविद्यालय में रविवार को एक दिवसीय वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया।

अभियान के तहत वन विभाग की ओर से महाविद्यालय को सागौन, बाटल ब्रश, जामुन, बेल, कैथा, कंजी, अशोक, टिकोमा, गुड़हल, नींबू और बांस समेत विभिन्न प्रजातियों के 100 पौधे उपलब्ध कराए गए, जिनका महाविद्यालय परिसर में रोपण किया गया।

महाविद्यालय की ग्रीन कैंपस इनिशिएटिव कमेटी के नेतृत्व में एनसीसी कैडेटों, एनएसएस स्वयंसेवकों, शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और समिति के सदस्यों ने परिसर के विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।

ग्रीन कैंपस इनिशिएटिव कमेटी की संयोजक डॉ. इरम फातिमा ने बताया कि प्रदेश सरकार के इस महत्वपूर्ण अभियान के तहत प्राप्त सभी पौधों का शत-प्रतिशत रोपण किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा लगाने वाला व्यक्ति उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण का ऐसा उदाहरण बनेगी, जिससे शहर और प्रदेश के अन्य लोग भी प्रेरित होंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं प्रबंध समिति के वरिष्ठ सदस्य प्रो. एसएसएच तकवी ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे वृहद वृक्षारोपण अभियान को शिया महाविद्यालय पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ा रहा है।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सैयद शबीहे रज़ा बाकरी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए अपील की कि जिस उत्साह से महाविद्यालय परिसर में पौधे लगाए गए हैं, उसी भावना के साथ प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास भी परिवार के प्रत्येक सदस्य के नाम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल करे।

कार्यक्रम में ग्रीन कैंपस इनिशिएटिव कमेटी के सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, एनसीसी एवं एनएसएस के स्वयंसेवक तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

ये भी पढ़े : शिया पीजी कॉलेज में स्नातक-परास्नातक प्रवेश के लिए 20 जुलाई तक आवेदन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here