जेएनपीजी कॉलेज की 54वीं वार्षिक एथलेटिक मीट का समापन

0
38

लखनऊ। श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय (जेएनपीजी कॉलेज) में बुधवार को दो दिवसीय 54वीं वार्षिक एथलेटिक मीट का समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), लखनऊ की पूर्व एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रचना गोविल ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल अब केवल मैदान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे जुड़े कई अन्य क्षेत्रों में भी करियर की संभावनाएं तेजी से बढ़ी हैं। खिलाड़ी स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन, स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी सहित कई विशेषज्ञ क्षेत्रों में अपना भविष्य बना सकते हैं। इन क्षेत्रों में प्रशिक्षित पेशेवरों की मांग भी बढ़ रही है।

छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए रचना गोविल ने अपने खेल जीवन के शुरुआती संघर्षों के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उनके पास स्पोर्ट्स शूज तक नहीं थे और उन्होंने पहली बार ट्रैक पर नंगे पैर दौड़ लगाई थी। शूटिंग के शुरुआती दौर में पहली पिस्टल प्रतियोगिता के दौरान उनके पास अपनी पिस्टल नहीं थी।

उन्होंने उधार की पिस्टल से प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और रिकॉर्ड बनाया। करीब 10 साल बाद अपनी पिस्टल खरीदने के बाद जब उन्होंने शूटिंग में दोबारा करियर शुरू किया तो उससे भी रिकॉर्ड बनाया।

उन्होंने कहा कि जीवन के किसी भी क्षेत्र में चुनौतियां आती हैं, लेकिन उनसे घबराने के बजाय उनका सामना करना चाहिए। चुनौतियों से ही आगे बढ़ने का रास्ता निकलता है।

समारोह के विशिष्ट अतिथि डॉ. सैयद रफत रिजवी, कोषाध्यक्ष उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन एवं चेयरमैन उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन ने भी विद्यार्थियों को खेल के माध्यम से करियर बनाने के अवसरों की जानकारी दी।

महाविद्यालय के पूर्व छात्र होने के नाते उन्होंने कहा कि खेल के विकास के लिए महाविद्यालय को जब भी उनकी सेवाओं की आवश्यकता होगी, वह हमेशा उपलब्ध रहेंगे।

इससे पहले स्पोर्ट्स बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. राजीव मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. केके शुक्ल ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संस्थान में खेल सुविधाओं को और विकसित करने की बात कही। दो दिनों तक चली प्रतियोगिताओं की रिपोर्ट वार्षिक एथलेटिक मीट की संयोजिका प्रो. मधु गौड़ ने प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनामिका सक्सेना ने किया। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार चंदन यादव और आंचल मिश्रा को प्रदान किया गया। इस अवसर पर स्पोर्ट्स बोर्ड के सदस्य, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : जय नारायण पीजी कॉलेज में वॉलीबॉल प्रतियोगिता, बीए और बीपीएड चैंपियन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here