लखनऊ। वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा वर्ल्ड वोवीनाम फेडरेशन (WVVF) के तत्वावधान में दिनांक 2 जून से 7 जून 2026 तक “नेशनल टेक्निकल ट्रेनिंग कैंप” बेल्ट ग्रेडेशन और मास्टर्स चैंपियनशिप का आयोजन ख्वाजा मोइनुद्दीन लैंग्वेज यूनिवर्सिटी, आईआईएम रोड, लखनऊ में किया जा रहा है।
वियतनामी मास्टर्स का लखनऊ एयरपोर्ट पर स्वागत
वोवीनाम एसोसियेशन प्रदेश महासचिव प्रवीण गर्ग ने बताया कि ओलंपिक काउंसिल ऑफ़ एशिया से मान्यता प्राप्त वोवीनाम मार्शल आर्ट के 6 दिवसीय आयोजन में भारत के विभिन्न राज्यों से वरिष्ठ खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं तकनीकी अधिकारी प्रतिभाग करेंगे।
कैंप में वियतनाम से वर्ल्ड वोवीनाम फेडरेशन के टेक्निकल कमेटी के डायरेक्टर मास्टर Huynh Khac Nguyen तथा टेक्निकल कमेटी के कोच मास्टर Pham Chi Thinh प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए सोमवार को लखनऊ पहुंचे।
एयरपोर्ट पर संगठन पदाधिकारीयों और खिलाड़ियों ने भव्य स्वागत किया। दोनों विशेषज्ञ मास्टर्स द्वारा वियतनामी मार्शल आर्ट की उन्नत तकनीकी कौशल, आत्मरक्षा तकनीक, प्रतियोगिता नियम एवं रेफरी प्रशिक्षण पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कंबोडिया में नवंबर माह में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप की तैयारीयों को दृष्टिगत रखते हुए खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकी जानकारी एवं आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों से अवगत कराया जाएगा।
2 जून को प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ के उपरांत 6 जून को बेल्ट एग्जाम व 7 जून को मास्टर्स चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा।













