हाइलाइट्स
- 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन, फिटनेस टेस्ट के आधार पर होगा चयन
- 9 डिप्लोमा, 2 स्नातक और 1 परास्नातक समेत कुल 12 नए पाठ्यक्रम शुरू
- उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सीधे प्रवेश और 10 प्रतिशत अतिरिक्त सीटों का लाभ
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश खेल और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। इसी क्रम में मेरठ स्थित मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक, परास्नातक और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अभ्यर्थी 10 जुलाई तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह पहल प्रदेश के खिलाड़ियों और खेल क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर लेकर आई है।
कौन-कौन से कोर्स शुरू हुए
इस वर्ष विश्वविद्यालय में तीन वर्षीय बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (बीपीईएस) और बीएससी योग पाठ्यक्रम में प्रवेश दिए जाएंगे। इसके साथ ही दो वर्षीय एमएससी योग कार्यक्रम में भी दाखिले होंगे।
खेल क्षेत्र में नए अवसरों को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा कोर्स भी शुरू किया है। बीपीईएस कोर्स 2025-26 सत्र से संचालित हो रहा है।
प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत प्रॉस्पेक्टस विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://sportsuniup.com/ पर उपलब्ध है। खिलाड़ियों और छात्रों को आवेदन के लिए लगभग एक महीने का समय दिया गया है।
एक नजर में: मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के नए पाठ्यक्रम और सीटें
| पाठ्यक्रम | अवधि | सीटें |
|---|---|---|
| बीपीईएस (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स) | 3 वर्ष | 50 |
| बीएससी योग | 3 वर्ष | 40 |
| एमएससी योग | 2 वर्ष | 20 |
| स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (पीजी डिप्लोमा) | 1 वर्ष | 15 |
| एथलेटिक्स (पीजी डिप्लोमा) | 1 वर्ष | 15 |
| बैडमिंटन (पीजी डिप्लोमा) | 1 वर्ष | 15 |
| बॉक्सिंग (पीजी डिप्लोमा) | 1 वर्ष | 15 |
| हॉकी (पीजी डिप्लोमा) | 1 वर्ष | 15 |
| कबड्डी (पीजी डिप्लोमा) | 1 वर्ष | 15 |
| कुश्ती (पीजी डिप्लोमा) | 1 वर्ष | 15 |
| योग (पीजी डिप्लोमा) | 1 वर्ष | 15 |
इसके अलावा इस सत्र से स्कूल ऑफ कोचिंग के अंतर्गत एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती और योग जैसे खेलों में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा कोर्स भी शुरू किए जा रहे हैं। इन सभी पाठ्यक्रमों में 15-15 सीटों पर प्रवेश होगा।
इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों को रोजगारोन्मुख और व्यावहारिक शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगा विशेष अवसर
विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सीधे प्रवेश की सुविधा प्रदान की गई है। ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, विश्व चैंपियनशिप, एशियाई चैंपियनशिप और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को सीधे प्रवेश दिया जाएगा।
इसके अलावा खेलो इंडिया, एसजीएफआई राष्ट्रीय खेल, सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय ने सभी पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 10 प्रतिशत अतिरिक्त सीटें आरक्षित रखने का निर्णय लिया है। ये सीटें स्वीकृत क्षमता के अतिरिक्त होंगी।
मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विश्वविद्यालय में 9 डिप्लोमा, 2 स्नातक और 1 परास्नातक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। कुल 12 नए कोर्सों में प्रवेश फिटनेस टेस्ट के आधार पर होगा।
कक्षा 12वीं के अंकों और फिटनेस टेस्ट के प्रदर्शन को मिलाकर मेरिट तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधे प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों का समग्र विकास करना है। साथ ही इसका विजन उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी खेल केंद्र बनाना है।
ये भी पढ़ें : योगी सरकार में स्पोर्ट्स कॉलेजों का बढ़ा क्रेज, 518 सीटों के लिए करीब 2600 आवेदन












