करन शर्मा का शतक व कार्तिक यादव की फिरकी, काशी रुद्रास को चौथी जीत

0
324
@t20uttarpradesh

लखनऊ : कप्तान करन शर्मा की आतिशी शतकीय पारी और बाएं हाथ के स्पिनर कार्तिक यादव की घातक गेंदबाज़ी की बदौलत काशी रुद्रास ने यूपीटी20 में अपना विजयी क्रम कायम रखते हुए मेरठ मावरिक्स को 91 रनों से हराया।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में रुद्रास ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में महज तीन विकेट पर 224 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

करन ने 53 गेंदों पर 9 छक्के और 7 चौके जमाकर नाबाद 107 रन बनाए। उन्हें उवैस अहमद का जबर्दस्त साथ मिला, जिन्होंने 38 गेंदों पर 69 रन (7 छक्के, 3 चौके) ठोके। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 131 रनों की साझेदारी हुई, जिसने मावरिक्स को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावरिक्स की टीम कभी भी लय नहीं पकड़ सकी। नियमित अंतराल पर विकेट झरते रहे और पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 133 रन ही बना पाई।

कप्तान रिंकू सिंह, जिन्होंने पिछले मैच में शतक जड़ा था, इस बार केवल 1 रन बनाकर कार्तिक यादव का शिकार बने। हालांकि सलामी बल्लेबाज़ स्वस्तिक चिकार (58 रन, 41 गेंद) और यश गर्ग (30 रन) ने कुछ देर तक संघर्ष किया, लेकिन टीम को बचा न सके।

ये भी पढ़ें : नमन तिवारी की घातक गेंदबाज़ी से नोएडा किंग्स ने दर्ज की रोमांचक जीत

गेंदबाज़ी में काशी रुद्रास के कार्तिक यादव चमकते सितारे रहे। उन्होंने अपने चार ओवर में केवल 10 रन देकर 3 विकेट चटकाए और एक मेडन भी डाला। रिंकू सिंह का बड़ा विकेट भी उनके खाते में आया। उनके अलावा आतल बिहारी ने 3/27 के आंकड़े के साथ असरदार गेंदबाज़ी की।

मावरिक्स के गेंदबाजों में सिर्फ विजय कुमार ने किफायती स्पेल (2/15) डाला। बाकी गेंदबाजों ने रन लुटाए—खासकर जीशान अंसारी, जिन्होंने तीन ओवर में 55 रन दे डाले।

इस जीत के साथ काशी रुद्रास ने टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत दर्ज की और अंकतालिका में अपराजित बने रहे। दूसरी ओर मेरठ मावरिक्स को चार मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा और वे पांचवें स्थान पर खिसक गए।

स्कोरकार्ड:

काशी रुद्रास – 224/3 (20 ओवर): करन शर्मा 107* (53 गेंद, 9×6, 7×4), उवैस अहमद 69 (38 गेंद, 7×6, 3×4); विजय कुमार 2/15

मेरठ मावरिक्स – 133/9 (20 ओवर): स्वस्तिक चिकार 58 (41 गेंद), यश गर्ग 30; कार्तिक यादव 3/10, आतल बिहारी 3/27, परिणाम: काशी रुद्रास ने 91 रन से जीत दर्ज की, मैन ऑफ द मैच: करन शर्मा (107* रन)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here