प्रिंस यादव का ऑलराउंड धमाका, गोरखपुर लायंस की सुपर ओवर में शानदार जीत

0
509
@t20uttarpradesh

लखनऊ। इकाना स्टेडियम में रविवार को खेले गए यूपी टी-20 लीग के बारिश से प्रभावित मुकाबले ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। गोरखपुर लायंस और कानपुर सुपरस्टार्स के बीच 15-15 ओवर का यह मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर तक गया, जहां गोरखपुर ने बाज़ी मार ली।

टीम की जीत के नायक बने ऑलराउंडर प्रिंस यादव, जिन्होंने पहले बल्ले से धमाकेदार 40 रन बनाए और फिर गेंद से कानपुर की बल्लेबाज़ी की रफ्तार रोककर मैन ऑफ द मैच बने।

बारिश से प्रभावित मैच में गोरखपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर 141 रन बनाए। शुरुआती झटकों के बाद टीम संकट में थी, लेकिन प्रिंस यादव (40 रन, 29 गेंद, 3 छक्के), सिद्धार्थ यादव (29 रन) और भास्कर (28 रन) ने पारी को संभालकर टीम का स्कोर सम्मानजनक बनाया।

जवाब में कानपुर की शुरुआत ठोस रही। समीर रिज़वी (75 रन) और आदर्श सिंह (34 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी कर टीम को मज़बूत स्थिति में पहुंचा दिया। आखिरी ओवर में कानपुर को 11 रन चाहिए थे। अभिषेक पांडे के छक्के से उम्मीदें जगीं, लेकिन अंतिम गेंद पर फैज़ अहमद का कैच आउट होते ही मैच सुपर ओवर में पहुंच गया।

सुपर ओवर में गोरखपुर के गेंदबाज़ अब्दुल रहमान ने पहली ही गेंद पर कानपुर के स्टार बल्लेबाज़ समीर रिज़वी को पगबाधा आउट कर बड़ा झटका दे दिया। दबाव में आई कानपुर टीम महज़ 1 रन ही जोड़ सकी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर लायंस ने बिना किसी मुश्किल के मैच खत्म कर दिया। दूसरी ही गेंद पर कप्तान अक्षदीप नाथ ने चौका जड़ते हुए टीम को टूर्नामेंट की पांचवीं जीत दिलाई।

ये भी पढ़ें : आराध्य की आतिशी बल्लेबाज़ी, विप्रज की फिरकी, लखनऊ फाल्कन्स की धमाकेदार जीत

इस जीत के साथ गोरखपुर लायंस ने न केवल सुपर ओवर थ्रिलर अपने नाम किया बल्कि अंकतालिका में भी तीसरे स्थान पर मज़बूती से जगह बना ली।

गेंद और बल्ले दोनों से चमकने वाले प्रिंस यादव इस मुकाबले के असली हीरो साबित हुए। उन्होंने पहले टीम को संकट से बाहर निकाला और फिर 3 विकेट झटकते हुए कानपुर की बल्लेबाजी की लय बिगाड़ी। अंत में सुपर ओवर में भी उनकी भूमिका निर्णायक रही।

संक्षिप्त स्कोरकार्ड:
  • गोरखपुर लायंस – 141/7 (15 ओवर): प्रिंस यादव 40, सिद्धार्थ यादव 29; राहुल शर्मा 2/19
  • कानपुर सुपरस्टार्स – 141/5 (15 ओवर): समीर रिज़वी 75, फैज़ अहमद 25; प्रिंस यादव 3/32
  • परिणाम : गोरखपुर ने सुपर ओवर में जीत दर्ज की
  • मैन ऑफ द मैच : प्रिंस यादव

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here