खलिन जोशी ने बरकरार रखी एक शॉट की बढ़त, अंगद चीमा ने दी चुनौती

0
62

नया रायपुर। खिताब की दौड़ अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। बेंगलुरु के खलिन जोशी ने मुश्किल परिस्थितियों के बीच तीसरे दौर में एक-अंडर 33 का कार्ड खेलकर एसईसीएल प्रेजेंट्स नवा रायपुर ओपन 2026 में अपनी बढ़त कायम रखी।

एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले इस टूर्नामेंट में तीन दौर के बाद जोशी 10-अंडर 92 के स्कोर के साथ शीर्ष पर हैं और अंतिम दौर में एक शॉट की बढ़त के साथ उतरेंगे।

फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में खेल रहे 34 वर्षीय जोशी ने तीसरे दौर में दो बर्डी लगाईं और सप्ताह की पहली बोगी की। दिन की शुरुआत दो शॉट की बढ़त के साथ करने वाले जोशी का स्कोर अब 29-30-33 है।

नवा रायपुर ओपन

उन्होंने शुरुआती 27 होल में सिर्फ एक शॉट गंवाया है। इस सत्र में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर दो खिताब जीत चुके जोशी फिलहाल रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में 12वें स्थान पर हैं।

चंडीगढ़ के 36 वर्षीय अंगद चीमा ने बोगी-मुक्त चार-अंडर 30 का कार्ड खेलकर जोशी के लिए सबसे बड़ी चुनौती पेश की। 34-29-30 के स्कोर के साथ अंगद नौ-अंडर 93 पर पहुंच गए। उन्होंने दिन की शुरुआत संयुक्त 13वें स्थान से की थी, लेकिन शानदार प्रदर्शन के दम पर अब अकेले दूसरे स्थान पर हैं।

आठ-अंडर 94 के स्कोर के साथ सात खिलाड़ी संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं। इनमें दिल्ली के 18 वर्षीय प्रितिश सिंह करायत ने सबसे बड़ी छलांग लगाई। संयुक्त 36वें स्थान से शुरुआत करने वाले करायत ने बोगी-मुक्त पांच-अंडर 29 का कार्ड खेलकर संयुक्त तीसरे स्थान पर जगह बनाई।

करायत के साथ अहमदाबाद के अंशुल पटेल (32-31-31), बांग्लादेश के बादल हुसैन (33-30-31), फरीदाबाद के करण प्रताप सिंह (32-30-32), गुरुग्राम के वीर अहलावत (32-30-32), चंडीगढ़ के उमेद कुमार (33-29-32) और पंचकूला के रौनिल कुकर (31-30-33) भी आठ-अंडर 94 के स्कोर पर संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं।

कुकर ने तीसरे दौर में एक-अंडर 33 का स्कोर बनाया और संयुक्त दूसरे स्थान से खिसककर संयुक्त तीसरे स्थान पर आ गए। शीर्ष से दो शॉट के भीतर कुल आठ खिलाड़ी हैं, जिससे अंतिम दौर में मुकाबला और कड़ा होने की उम्मीद है।

भारी बारिश के कारण फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट का कोर्स पूरे 18 होल के राउंड के लिए उपयुक्त नहीं था। इसके चलते टूर्नामेंट समिति ने सभी चार राउंड बैक नाइन के नौ-नौ होल पर कराने का फैसला किया है। तीसरे दौर के दौरान बारिश और आकाशीय बिजली के कारण खेल करीब 15 से 20 मिनट तक रोकना भी पड़ा।

जोशी ने तीसरे दौर के बाद माना कि उनका प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ स्तर का नहीं था, लेकिन मुश्किल दिन में बढ़त बनाए रखने से वह संतुष्ट हैं। उन्होंने टी से बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाने, एप्रोच शॉट्स के फ्लैग के करीब नहीं पहुंचने और पुटिंग में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बावजूद खुद को खिताबी दौड़ में बनाए रखा।

ये भी पढ़ें : दो राउंड में बोगी नहीं, खलिन जोशी ने बनाई दो शॉट की बढ़त

11वें होल पर खराब टी शॉट के बाद जोशी को सप्ताह की पहली बोगी का सामना करना पड़ा। हालांकि इसके बाद उन्होंने 12वें और 13वें होल पर लगातार बर्डी लगाकर वापसी की। बारिश और आकाशीय बिजली के कारण आया व्यवधान भी उनके लिए राउंड में दोबारा लय हासिल करने का मौका बना।

अंतिम दौर में जोशी और अंगद चीमा की भिड़ंत पर भी नजर रहेगी। दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं और कुछ टूर्नामेंटों में एक ही टीम का हिस्सा रह चुके हैं। ऐसे में अंतिम दौर में दोनों के बीच मुकाबला खासा दिलचस्प हो सकता है।

रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के जरिए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के नंबर एक खिलाड़ी का फैसला होगा। इसी रैंकिंग के आधार पर डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट के शीर्ष 24 खिलाड़ियों को सत्र के अंतिम टूर्नामेंट डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में खेलने का मौका मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here