दो राउंड में बोगी नहीं, खलिन जोशी ने बनाई दो शॉट की बढ़त

0
65

नया रायपुर। बेंगलुरु के खलिन जोशी ने बोगी-मुक्त चार-अंडर 30 का कार्ड खेलकर छत्तीसगढ़ के नया रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में चल रहे एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले पहले नवा रायपुर ओपन में दूसरे दौर के बाद अपनी बढ़त दो शॉट की कर ली।

34 वर्षीय जोशी ने दिन की शुरुआत एक शॉट की बढ़त के साथ की थी और चार बर्डी की मदद से दो राउंड में नौ-अंडर 59 का स्कोर बनाया।

नवा रायपुर ओपन

इस सत्र में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर दो खिताब जीत चुके जोशी ने शुरुआती 18 होल में एक भी शॉट नहीं गंवाया है। रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में फिलहाल 12वें स्थान पर चल रहे जोशी ने पहले दौर में 29 और दूसरे दौर में 30 का स्कोर बनाया।

भारी बारिश के कारण कोर्स पूरे 18 होल के राउंड के लिए उपयुक्त नहीं था। इसके चलते टूर्नामेंट समिति ने सभी चार राउंड को बैक नाइन पर आयोजित करने का फैसला किया है, जिसमें खिलाड़ियों को नौ-नौ होल के राउंड खेलने हैं।

कोलकाता के 20 वर्षीय आर्यव शाह ने दूसरे दौर में चार बर्डी और एक बोगी के साथ तीन-अंडर 31 का स्कोर बनाया। वह कुल सात-अंडर 61 के स्कोर के साथ नेपाल के सुभाष तमांग, बेंगलुरु के अक्षय निरंजन और पंचकूला के रौनिल कुकर के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं। शाह ने पहले दौर में 30 का स्कोर बनाया था।

नेपाल के 24 वर्षीय सुभाष तमांग ने दूसरे दौर में पांच बर्डी लगाते हुए बोगी-मुक्त 29 का स्कोर बनाया, जो दिन का संयुक्त सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। इसके साथ ही वह भी खिताब की दौड़ में आ गए हैं। तमांग ने अपने राउंड की शुरुआत ही बर्डी से की। उन्होंने टी से हाइब्रिड शॉट खेलने के बाद सटीक एप्रोच लगाकर बर्डी हासिल की।

जोशी ने भी लगातार दूसरे दौर में बोगी-मुक्त प्रदर्शन किया। उन्होंने टी से ग्रीन तक अपने मजबूत खेल के साथ बर्डी के कई मौके बनाए और उन्हें भुनाया। दूसरे दौर में उन्होंने 10वें, 12वें और 13वें होल पर मिले स्कोरिंग अवसरों का फायदा उठाया।

दूसरे दौर के बाद सात खिलाड़ी छह-अंडर 62 के स्कोर के साथ संयुक्त छठे स्थान पर हैं। इनमें चंडीगढ़ के उमेद कुमार, कोलकाता के सुनीत चौरसिया, गुरुग्राम के वीर अहलावत, श्रीलंका के चलिथा पुष्पिका, चंडीगढ़ के वासु सहगल, नोएडा के बिपिन मुखिया और फरीदाबाद के करण प्रताप सिंह शामिल हैं।

ये भी पढ़ें : कपिल देव और सीएम विष्णुदेव साय ने किया नवा रायपुर ओपन का उद्घाटन

चौरसिया ने लगातार तीन नेक्सजेन टूर्नामेंट जीतकर रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया था और इसके बाद डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के लिए प्रमोशन अर्जित किया। वहीं, वीर अहलावत 2024 में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग चैंपियन रहे थे।

टूर्नामेंट में कट तीन-अंडर 65 के स्कोर पर लगाया गया और 132 खिलाड़ियों के मैदान में से 56 खिलाड़ियों ने अंतिम दो राउंड में जगह बनाई है।

नवा रायपुर ओपन का परिणाम रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप की तस्वीर पर भी असर डालेगा। इसी रैंकिंग के जरिए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के नंबर एक खिलाड़ी का फैसला होगा।

साथ ही डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट के शीर्ष 24 खिलाड़ियों का निर्धारण भी होगा, जिन्हें सत्र के अंतिम टूर्नामेंट डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में खेलने का मौका मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here