लखनऊ। अवध डिपो ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन द्वारा आयोजित इंटर डिपो नाकआउट क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी आलमबाग डिपो को 10 विकेट से हराकर जीत ली। अवध डिपो की ओर से दानिश उमर ने नाबाद 47 रन की मैच जिताऊ पारी खेली।
इंटर डिपो क्रिकेट प्रतियोगिता
कॉल्विन कॉलेज मैदान पर आलमबाग डिपो की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 10.5 ओवर में 61 रन ही बना सकी। कल्याण सिंह व वसीम (10-10) ही दहाई के आंकड़े में रन बना सके।
अवध डिपो से शफी अहमद व आशीष को तीन-तीन, महमूद अली को दो जबकि दानिश उमर व हबीबुल रहमान को एक-एक विकेट मिले। जवाब में अवध डिपो ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 5.1 ओवर में बिना विकेट गंवाए 63 रन बनाकर मैच जीत लिया।
जीत में दानिश उमर ने 24 गेंदों पर 6 चौके व 2 छक्के से नाबाद 47 रन की आतिशी पारी खेली जबकि सदाशिव वर्मा ने नाबाद 10 रन का योगदान किया।
विशेष पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ बैटर दानिश उमर व सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हबीबुल रहमान चुने गए। समापन समारोह में मुख्य अतिथि लखनऊ मंडल के मंडलीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने पुरस्कार वितरित किए।
ये भी पढ़ें : पीडब्ल्यूएल 2026: यूपी डोमिनेटर्स ने खरीदे बड़े नाम, खिताब पर नजर













