लखनऊ। शहर की प्रतिष्ठित 53वीं श्रीमती सुंदरी देवी अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 14 फरवरी 2026 को रोमांचक अंदाज़ में संपन्न हुआ। श्री जय नारायण मिश्रा पीजी कॉलेज के मैदान पर खेले गए इस खिताबी मुकाबले में मेजबान टीम ने लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज को छह विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 133 रन बनाए।
आर्यन क्षितिज ने 46 गेंदों पर 51 रन की जिम्मेदार पारी खेली। मनोज ने 28 गेंदों में 26 रन और आयुष पांडेय ने 18 गेंदों पर 22 रन जोड़े।
53वीं श्रीमती सुंदरी देवी अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता
गेंदबाजी में श्री जय नारायण मिश्रा पीजी कॉलेज की ओर से सचिन यादव ने 3 ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट झटके। प्रवीण ने 4 ओवर में 21 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि प्रखर तिवारी ने 4 ओवर में 25 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।
134 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्री जय नारायण मिश्रा पीजी कॉलेज ने 17.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 134 रन बनाते हुए छह विकेट से जीत दर्ज की।
ये भी पढ़ें : शानदार जीत के साथ जेएनपीजी और लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज फाइनल में
आदित्य प्रताप सिंह ने 47 गेंदों पर 58 रन (11 चौके) बनाकर मैच जिताऊ पारी खेली और मैन ऑफ द मैच चुने गए। कप्तान हर्षवर्धन सिंह ने 15 गेंदों पर 24 रन (2 चौके, 2 छक्के) बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। क्रिश्चियन कॉलेज की ओर से आर्यन ने 21 रन देकर 2 विकेट लिए।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व रणजी खिलाड़ी सौरभ दुबे उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में लखनऊ क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव नईम चिश्ती मौजूद रहे।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो.केके शुक्ला, मंत्री/प्रबंधक जीसी शुक्ल, स्पोर्ट्स बोर्ड की चेयरपर्सन प्रो. शुचि मिश्रा, संयोजिका प्रो. मधु गौड़ सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। रोमांचक मुकाबले के साथ प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ और विजेता टीम ने ट्रॉफी के साथ दर्शकों की तालियां भी अपने नाम कीं।
व्यक्तिगत पुरस्कार
- मैन ऑफ द मैच: आदित्य प्रताप सिंह (श्री जय नारायण मिश्रा पीजी कॉलेज)
- सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज: आयुष पांडेय (लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज)
- सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: सचिन यादव (श्री जय नारायण मिश्रा पीजी कॉलेज)
- मैन ऑफ द टूर्नामेंट: आर्यन क्षितिज (लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज)











