कोलकाता : जेमी मैकलारेन के शानदार चार गोलों की बदौलत मोहन बागान सुपर जायंट ने इंडियन सुपर लीग 2025-26 में शुक्रवार को विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन, कोलकाता में ओडिशा एफसी को 5-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ मेरिनर्स ने लगातार चौथी जीत हासिल करते हुए 12 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष स्थान बरकरार रखा, जबकि ओडिशा एफसी दो अंकों के साथ नौवें स्थान पर बनी हुई है। मैकलारेन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने पहले हाफ में तीन गोलों में योगदान दिया और कुल चार गोल किए।
इंडियन सुपर लीग
मोहन बागान के मुख्य कोच सर्जियो लोबेरा ने अपनी शुरुआती एकादश में चार बदलाव करते हुए कप्तान सुभाशीष बोस और मेहताब सिंह को रक्षापंक्ति में, लिस्टन कोलाको को मिडफील्ड में और ऑस्ट्रेलियाई दिमित्रियोस पेट्राटोस को आक्रमण में शामिल किया।
वहीं ओडिशा एफसी के मुख्य कोच टी.जी. पुरुषोत्तमन ने रक्षा में एक बदलाव करते हुए सौरभ भनवाला को सेवियर गामा की जगह मौका दिया।
मोहन बागान सुपर जायंट – 5 (जेमी मैकलारेन 14’, 24’, 45+2’, 88’, अल्बर्टो रोड्रिगेज 42’)

मुकाबले की शुरुआत में ही ओडिशा ने तीसरे मिनट में सेट-पीस से खतरा पैदा किया, जब रोहित कुमार ने लालथाथांगा खावल्हरिंग के कॉर्नर पर हेडर लगाया, लेकिन गेंद लक्ष्य से ऊपर चली गई। मोहन बागान ने तुरंत जवाब दिया।
लिस्टन कोलाको का लंबी दूरी का शॉट थोड़ा ऊपर निकल गया, जबकि 11वें मिनट में अभिषेक सिंह के प्रयास को अमरिंदर सिंह ने रोका। मेजबान टीम ने 14वें मिनट में बढ़त बनाई। पेट्राटोस ने बैकहील पास से बाईं ओर सुभाशीष बोस को गेंद दी, जिन्होंने बॉक्स में सटीक क्रॉस डाला।
बिना मार्किंग के खड़े जेमी मैकलारेन ने शानदार हेडर लगाकर मोहन बागान को 1-0 की बढ़त दिला दी। 19वें मिनट में मैकलारेन गोल के करीब पहुंचे, लेकिन उनका प्रयास अमरिंदरसिंह ने आसानी से रोक लिया। हालांकि पांच मिनट बाद उन्होंने कोई गलती नहीं की।
ओडिशा एफसी – 1 (रहीम अली 43’)
पेट्राटोस ने खेल को दाईं ओर कोलाको तक पहुंचाया, जिन्होंने बॉक्स के बीच में खड़े मैकलारेन को पास दिया। स्ट्राइकर ने शांत दिमाग से दाएंपैर से गोलकर 24वें मिनट में स्कोर 2-0 कर दिया।
मोहन बागान लगातार दबाव बनाता रहा और 42वें मिनट में तीसरा गोल किया। सेंटर-बैक अल्बर्टो रोड्रिगेज ने दूर से बाएं पैर से जोरदार शॉट लगाया, जो अमरिंदर सिंह को छकाते हुए दूर के कोने में चला गया।
हालांकि ओडिशा ने तुरंत जवाब दिया। अगले ही मिनट थोइबा सिंह ने लंबी गेंद मोहन बागान के बॉक्स में भेजी, जिसे रहीम अली ने नियंत्रित करते हुए गोलकीपर विशाल कैथ को छकाकर खाली गोल में डाल दिया और स्कोर 3-1 कर दिया।
पहले हाफ के इंजरी टाइम में मोहन बागान ने फिर से तीन गोल की बढ़त हासिल कर ली। कोलाको ने दाईं ओर से खतरनाक गेंद बॉक्स में भेजी, जिसे मैकलारेन ने नजदीक से गोल में डालकर अपनी हैट्रिक पूरी की और हाफटाइम तक स्कोर 4-1 हो गया।
दूसरे हाफ की शुरुआत तेज रही। 53वें मिनट में कोलाको का प्रयास क्यूमिंग्स के पास के बाद थोड़ा बाहर निकल गया। दूसरी ओर इसाक वानलालरुआतफेला ने बॉक्स के बाईंओर से शॉट लगाया, लेकिन लक्ष्य से चूक गए।
66वें मिनट में पेट्राटोस का प्रयास भी थोड़ा बाहर चला गया। इसके बावजूद मोहन बागान लगातार आक्रमण करता रहा, जबकि ओडिशा की रक्षा, जिसमें अमरिंदर सिंह ने अहम भूमिका निभाई, कुछ समय तक और गोल होने से रोकने में सफल रही।
87वें मिनट में ओडिशा एक और गोल के करीब पहुंचा, लेकिन विशाल कैथ ने शानदार बचाव कर मेहमान टीम को गोल करने से रोक दिया।
इसके एक मिनट बाद मोहन बागान ने पांचवां गोल कर दिया। मैनवीर सिंह ने मिडफील्ड से लंबी गेंद भेजी, जिसे मैकलारेन ने बॉक्स के किनारे नियंत्रित किया और शांतिपूर्वक गोलकीपर के पास से गेंद निकालते हुए अपना चौथा गोलकर स्कोर 5-1 कर दिया।
अंतिम मिनटों में कैथ ने कुछ अच्छे बचाव किए, जिससे स्कोर में कोई और बदलाव नहीं हुआ और मोहन बागान सुपर जायंट ने 5-1 की शानदार जीत के साथ मैच समाप्त किया।
ये भी पढ़ें : मोहम्मडन एससी की बेंगलुरु से भिड़ंत, केरल ब्लास्टर्स का सामना चेन्नईयिन से













