लखनऊ। लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में आज होली के पावन अवसर पर विधायक ओपी श्रीवास्तव के संयोजन में ए-ब्लॉक, इंदिरा नगर स्थित कन्वेंशन सेंटर में भव्य सार्वजनिक होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों तथा विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
समारोह में पारंपरिक उत्साह के साथ फूलों की होली खेली गई और अबीर-गुलाल उड़ाए गए, जिससे पूरा वातावरण रंगों और उल्लास से सराबोर हो उठा। सांस्कृतिक मंडलियों द्वारा प्रस्तुत किए गए होली के गीत, संगीत और नृत्य ने कार्यक्रम की रंगत को और भी दोगुना कर दिया।
फाग और होली के पारंपरिक गीतों के बीच उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं। होली के रंगों के साथ-साथ उपस्थित अतिथियों और क्षेत्रवासियों ने पारंपरिक होली के व्यंजनों के चटकारे भी लिए, जिससे पूरे आयोजन में उत्सव का आनंद और भी बढ़ गया।
प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के इस रंगमय माहौल में लखनऊ पूर्वी की होली का आनंद देखते ही बन रहा था। इसके अतिरिक्त विभिन्न आवासीय समितियों के पदाधिकारी, व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि, विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, अध्यापकगण तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर विधायक ओपी श्रीवास्तव ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को सुदृढ़ करने का उत्सव है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद और सहयोग को मजबूत करते हैं। विधायक श्री श्रीवास्तव ने सभी क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हम सब मिलकर लखनऊ पूर्वी को प्रेम, सहयोग और विकास के रंगों से और अधिक समृद्ध और सशक्त बनाने का संकल्प लें।
ये भी पढ़ें : पात्र राशन कार्ड धारकों से आयुष्मान कार्ड के साथ फॉर्म-6 भरने की अपील
ये भी पढ़ें : विधानसभा में गूंजा कैफ़ी आज़मी प्रेक्षागृह का मुद्दा, पारदर्शिता पर उठे सवाल













