छह अंडर 66 के साथ राशिद खान पहले राउंड में सबसे सबसे आगे

0
36

अहमदाबाद। दिल्ली के अनुभवी पेशेवर गोल्फर राशिद खान ने गुरुवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए छह अंडर 66 का स्कोर बनाया और यूएस$ 300,000 (लगभग ₹2.7 करोड़) की इनामी राशि वाली इंडोरामा वेंचर्स ओपन गोल्फ चैंपियनशिप 2026 के पहले राउंड में बढ़त हासिल कर ली।

यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट अहमदाबाद के कालहार ब्लूज़ एंड ग्रीन्स गोल्फ क्लब में खेला जा रहा है। 14 पेशेवर खिताब जीत चुके राशिद खान, जिनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के दो खिताब भी शामिल हैं, ने अपने पहले राउंड में सात बर्डी और एक बोगी लगाई। उनके संतुलित और आत्मविश्वास भरे खेल ने उन्हें लीडरबोर्ड में सबसे ऊपर पहुंचा दिया।

इंडोरामा वेंचर्स ओपन गोल्फ चैंपियनशिप

सीजन के पहले टूर्नामेंट के विजेता अमेरिका के झेरेड हैक दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने पहले राउंड में पांच अंडर 67 का स्कोर किया। उनके राउंड में छह बर्डी और एक बोगी शामिल रही, जिससे वे लीडरबोर्ड में मजबूत स्थिति में हैं।

तीसरे स्थान पर पांच खिलाड़ी संयुक्त रूप से मौजूद हैं। अर्जुन प्रसाद, बृजेश कुमार, सप्तक तलवार, मानव बैस और कार्तिक सिंह ने चार अंडर 68 का स्कोर करते हुए टाई-थर्ड स्थान हासिल किया।

राशिद खान का प्रदर्शन   35 वर्षीय राशिद खान ने अपने राउंड की शुरुआत बैक-नाइन से की। उन्होंने बैक-नाइन पर दो बर्डी और एक बोगी लगाई। इसके बाद फ्रंट-नाइन में शानदार खेल दिखाते हुए पांच बर्डी बनाईं और लीडरबोर्ड के शीर्ष पर पहुंच गए।

राशिद खान ने अपने खेल के बारे में कहा कि कोर्स इस बार बहुत अच्छा खेल रहा है और पिछली बार से काफी अलग महसूस हो रहा है। पिन पोजिशन थोड़ी मुश्किल थीं, लेकिन मैंने कुछ अच्छे शॉट और पुट लगाए।

गेंद को सही जगह पर रखने से मुझे कई मौके मिले। फिलहाल मेरी कोई विशेष अपेक्षा नहीं है, मैं बस अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहा हूं।”

दूसरी ओर पहले राउंड में कई विदेशी खिलाड़ियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। फ्रांस के क्लेमेंट सोर्डे और पियरे पिनो, तथा ऑस्ट्रिया के क्रिस्टोफ ब्लायर ने तीन अंडर 69 का स्कोर किया और वे संयुक्त रूप से आठवें स्थान पर हैं।

वहीं अहमदाबाद के खिलाड़ियों में आदित्य राज कुमार चौहान ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने 70 का स्कोर किया और वे संयुक्त 15वें स्थान पर हैं। टूर्नामेंट के प्री-टूर्नामेंट फेवरेट खिलाड़ियों में शामिल  वीर अहलावत (71) और युवराज संधू (73) क्रमशः संयुक्त 22वें और संयुक्त 41वें स्थान पर रहे।

ये भी पढ़ें : अहमदाबाद में 12 मार्च से होगी इंडोरामा वेंचर्स ओपन गोल्फ चैंपियनशिप

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here