लखनऊ : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के शुरू होते ही क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर राजधानी लखनऊ तक पहुंचने वाला है। पिछले सीजन की तरह इस बार भी शहर सात मुकाबलों की मेजबानी करेगा, जिससे स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों को स्टेडियम में बैठकर मैच देखने का मौका मिलेगा।
आईपीएल के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला पिछली चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। फिलहाल लीग के शुरुआती 16 दिनों के कार्यक्रम की घोषणा की गई है, जिसमें कुल 20 मैच शामिल हैं।
इन शुरुआती मुकाबलों के दौरान चार डबल हेडर भी खेले जाएंगे। 4 और 5 अप्रैल तथा 11 और 12 अप्रैल को दो-दो मैच होंगे। डबल हेडर के दिन पहला मुकाबला दोपहर 3:30 बजे और दूसरा शाम 7:30 बजे शुरू होगा। बाकी मैचों का कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।
आईपीएल के मैचों को स्टेडियम में बैठकर देखना हर क्रिकेट प्रेमी के लिए खास अनुभव होता है। ऐसे में लखनऊ में होने वाले मुकाबलों को लेकर भी फैंस में काफी उत्साह है। टिकट खरीदने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध रहेंगे।
ऑनलाइन टिकट लेने के लिए प्रशंसकों को किसी भरोसेमंद टिकटिंग वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जाकर आईपीएल 2026 सर्च करना होगा।
इसके बाद पसंद का मैच और स्टेडियम चुनकर सीट कैटेगरी तथा टिकटों की संख्या तय की जा सकती है। भुगतान यूपीआई, डेबिट या क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के जरिए किया जा सकता है। भुगतान सफल होने के बाद डिजिटल या एम-टिकट मिल जाएगा, जिसे मैच के दिन मोबाइल पर दिखाकर स्टेडियम में प्रवेश किया जा सकता है।
जो लोग ऑनलाइन टिकट नहीं लेना चाहते, उनके लिए मैच से कुछ दिन पहले स्टेडियम के टिकट काउंटर भी खोले जाते हैं। कई बार टीम फ्रेंचाइजी शहर के मॉल या अन्य स्थानों पर भी अस्थायी काउंटर लगाती हैं, जहां वैध पहचान पत्र दिखाकर सीधे टिकट खरीदे जा सकते हैं।
टिकट खरीदते समय कुछ सावधानियां बरतना भी जरूरी है। हमेशा आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत काउंटर से ही टिकट खरीदना चाहिए।
सोशल मीडिया या अनजान वेबसाइटों पर मिलने वाले सस्ते टिकट ऑफर धोखाधड़ी का कारण बन सकते हैं। इसके अलावा लोकप्रिय मैचों के टिकट जल्दी खत्म हो जाते हैं, इसलिए बुकिंग शुरू होते ही टिकट लेना बेहतर रहता है।
फिलहाल कई आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर टिकट बिक्री या प्री-रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रशंसक बुकमाईशो, पेटीएम इनसाइडर, डिस्ट्रिक्ट ऐप (जोमैटो) और टीमों की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं।
टिकटों की भारी मांग को देखते हुए बुकमाईशो ने प्री-सेल रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी शुरू की है। इसके तहत फैंस मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के कुछ मुकाबलों के लिए अर्ली एक्सेस पाने के लिए साइन-अप कर सकते हैं। इनमें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले मैच शामिल हैं।
हालांकि प्री-सेल रजिस्ट्रेशन करने से टिकट की गारंटी नहीं मिलती। इससे केवल अर्ली एक्सेस विंडो में टिकट खरीदने का मौका मिलता है, जहां टिकट ‘फर्स्ट-कम, फर्स्ट-सर्व’ आधार पर उपलब्ध होते हैं। इसलिए जैसे ही बुकिंग शुरू हो, तुरंत टिकट लेने की सलाह दी जा रही है।
ये भी पढ़ें : आईपीएल : लखनऊ में दो मुकाबले, देखे पहले 15 दिन के शेड्यूल की झलक













