रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-ए में पुडुचेरी के खिलाफ मैच में जीत की दहलीज पर खड़ा उत्तर प्रदेश खराब रोशनी के चलते विजय से चूक गया और पुडुचेरी से ड्रॉ खेलने पर मजबूर हुआ।
करण शर्मा के शतक से पहली पारी में 333 रन बनाकर और फिर जीशान अंसारी व कार्तिक यादव की शानदार गेंदबाजी से पर पुडुचेरी को 172 रन पर समेटकर फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया।
उत्तरप्रदेश को चौथे दिन अपनी जीत के प्रति पूरी आश्वस्त थी, लेकिन एक और पुडुचेरी के मध्यक्रम के बल्लेबाज अंकित शर्मा सिर्फ 38 रन बनाने में 178 गेंदों का सामना कर उत्तर प्रदेश की जीत का इंतजार बढ़ाते रहे और फिर खराब रोशनी ने दिन के खेल को घंटे भर पहले ही समाप्त कर इस इंतजार को इंतजार ही रहने दिया। पुडुचेरी ने अपनी दूसरी पारी में आठ विकेट पर 211 रन बनाए।
अंकित से पहले अमन खान ने 62 और रितेश ने 41 रन का अहम योगदान दिया। इससे पुडुचेरी की बढ़त 50 रन तक पहुंच गई थी, उत्तर प्रदेश पुडुचेरी के दो और विकट को जल्दी से निकालकर बल्लेबाजी करता तो जीत उसके हाथ में होती, लेकिन खराब रोशनी ने ऐसा होने नहीं दिया।
मुकाबले के पहले दिन भी खराब रोशनी के चलते केवल 37 ओवर ही फेंके जा सके थे। पुडुचेरी की दूसरी पारी में उत्तर प्रदेश से कार्तिक यादव ने छह और वंश चौधरी ने दो विकेट लिए। उत्तर प्रदेश के करण शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।












