लखनऊ: आईपीएल 2026 में बुधवार को अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम एक ऐसा मुकाबला देखने को मिलेगा, जहां रणनीति, फॉर्म और घरेलू परिस्थितियों की असली परीक्षा होगी। लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाली यह भिड़ंत दोनों टीमों के अभियान के लिए अहम मानी जा रही है।
आईपीएल
शाम 7:30 बजे से शुरू होने वाले इस मैच में घरेलू मैदान पर उतर रही लखनऊ सुपर जायंट्स के पास वापसी का मौका है। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम हालिया मैचों में निरंतरता नहीं दिखा सकी है, ऐसे में उसे अपने प्रदर्शन में सुधार की दरकार है।
दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स आत्मविश्वास से भरी हुई है और टीम की नजर जीत की लय को बरकरार रखते हुए अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने पर होगी।
इस मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर भी नजरें रहेंगी, जिनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने इस सीजन में खासा प्रभाव डाला है। लखनऊ की टीम उनके प्रभाव को सीमित करने की रणनीति के साथ मैदान में उतर सकती है।
लखनऊ की बल्लेबाजी भले ही अब तक उतार-चढ़ाव भरी रही हो, लेकिन मिडिल ऑर्डर में निकोलस पूरन और मिचेल मार्श जैसे खिलाड़ी किसी भी समय मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।
गेंदबाजी में मोहम्मद शमी, मयंक यादव, आवेश खान और अनरिच नॉर्टजे की तेज आक्रमण पंक्ति विपक्षी बल्लेबाजों के लिए चुनौती पेश कर सकती है, जबकि वानिंदु हसरंगा स्पिन विभाग को मजबूती देते हैं।
दूसरी तरफ, राजस्थान रॉयल्स का टॉप ऑर्डर इस सीजन में उसकी सबसे बड़ी ताकत रहा है। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी पावरप्ले में तेजी से रन बटोरने में सक्षम है। कप्तान रियान पराग, ध्रुव जुरेल और शिमरॉन हेटमायर मिडिल ऑर्डर को संतुलन देते हैं।
गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और रविंद्र जडेजा जैसे गेंदबाज किसी भी परिस्थिति में मैच का रुख बदल सकते हैं। चार जीत और दो हार के साथ राजस्थान फिलहाल अंक तालिका में मजबूत स्थिति में है और टीम इस लय को आगे भी जारी रखना चाहेगी।
पिच की बात करें तो इकाना स्टेडियम की सतह पारंपरिक रूप से धीमी मानी जाती है, जहां स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलती है।

औसत स्कोर 170-175 के आसपास रहता है और ऐसे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना फायदेमंद साबित हो सकता है, क्योंकि यहां लक्ष्य का पीछा करना अपेक्षाकृत आसान माना जाता है। मौसम साफ रहने की संभावना है और ओस का प्रभाव सीमित रह सकता है।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड भी मुकाबले को रोचक बनाता है। दोनों टीमों के बीच अब तक छह मुकाबले हुए हैं, जिनमें राजस्थान रॉयल्स ने चार जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स ने दो मैच जीते हैं। हालांकि, घरेलू परिस्थितियां इस बार मुकाबले को संतुलित बना सकती हैं।
ये भी पढ़ें : होम ग्राउंड पर एलएसजी को वापसी की तलाश, राजस्थान से होगी टक्कर











