गैर वरीय समायरा कोहली अंतिम 16 में, दूसरी वरीय मारिया को हराकर किया उलटफेर

0
38

लखनऊ। गैर वरीय खिलाड़ी भारत की समायरा कोहली ने आईटीएफ जूनियर जे30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट में बालिका एकल में  दूसरी वरीय भारत की मारिया पटेल को 6-1, 6-1 से हराकर बड़ा उलटफेर करते हए अंतिम 16 में प्रवेश किया।

उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन व केसरी स्पोर्ट्स  द्वारा मिनी स्टेडियम विजयंतखंड गोमतीनगर के टेनिस कोर्ट पर पर आयोजित टूर्नामेंट में मुख्य ड्रा के दूसरे दिन कई मुकाबले उतार-चढ़ाव और कड़े संघर्ष से भरपूर रहे।

आईटीएफ जूनियर जे30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट

मुख्य ड्रा में  बालक एकल के पहले दौर में वाइल्ड कार्ड इंट्री यूपी के ऋषि यादव की चुनौती का अंत भारत के ऋभव सरोहा के हाथों हार के साथ हो गया। सरोहा ने यह मैच एकतरफा 6-1, 6-2 से जीता। वहीं शौनक चटर्जी, अथर्व श्रीरामोजू, पार्थिव व श्रेयंत को जीत के लिए पसीना बहाना पड़ा।

बालिका एकल के पहले दौर में गैर वरीय खिलाड़ी भारत की समायरा कोहली ने बेहतरीन लय और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए दूसरी वरीय भारत की मारिया पटेल को मौका नहीं दिया और 6-1, 6-1 से सीधे सेटों में जीत दर्ज की। समायरा ने शुरू से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी और मजबूत सर्विस और सटीक शॉट के साथ दबाव बनाए रखा।

बालक एकल के पहले दौर में भारत के अथर्व श्रीरामोजू ने क्वालीफायर खिलाड़ी हर्ष मारवाहा को टाईब्रेक में 7-6(6), 4-6, 6-2 से हराया। अथर्व ने पहला सेट जीता जबकि दूसरा सेट गंवा बैठे। फिर तीसरे सेट में बेहतरीन कोर्ट कवरेज के दम पर अथर्व ने जीत के साथ मैच अपने नाम कर लिया।

बालकों में शौनक, अथर्व, पार्थिव व श्रेयंत मुश्किल जीत के साथ दूसरे दौर में

सातवीं वरीय भारत के शौनक चटर्जी और क्वालीफायर माधव दाधीच के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा जिसमें शौनक ने खासी मशक्कत के बाद 6-3, 3-6, 6-4 से जीत हासिल की।

क्वालीफायर खिलाड़ी भारत के ही पार्थिव नल्लागुंडला ने दक्ष कुकरेती के खिलाफ पहला सेट गंवाने के बाद जबरदस्त वापसी की और 0-6, 6-2, 6-3 से जीत अपने नाम  की। क्वालीफायर श्रेयंत महंतेशा ने भारत के अमृत धनखड़ को तीन सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में 6-3, 4-6, 6-4 से शिकस्त देकर प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

बालिका एकल में चौथी वरीय भारत की हर्षा कार्तिका ओरुगांती ने तनुश्री मनेनी सतीश के खिलाफ  पहला सेट गंवाने के बाद बेहतरीन रणनीति की बदौलत वापसी करते हुए  1-6, 6-3, 6-2 से जीत दर्ज की।

भारत की दीया अग्रवाल ने क्वालीफायर से मुख्य ड्रा में पहुंची ऑस्ट्रेलिया की तृषा जानी को 6-3, 6-0 से हराया जबकि शीर्ष वरीय भारत की एंजल पटेल ने भारत की प्राची मलिक को 6-1, 6-3 से मात दी।

मानवी गुप्ता ने मानवी राठी को 6-0, 6-0 से हराकर दबदबा दिखाया। दूसरी ओर क्वालीफायर शाजफा वानिया को तब जीत मिली जब उनकी प्रतिद्वंद्वी तमन्ना नायर 3-0 के स्कोर पर रिटायर्ड हो गईं।

ये भी पढ़ें : महिजीत प्रधान व आरव ढेकियाल ने वरीय खिलाड़ियों को दिखाया बाहर का रास्ता

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here