एलएसजी का घरेलू मैदान, फिर भी इकाना पर चढ़ा विराट का रंग

0
33

लखनऊ। इकाना स्टेडियम में गुरुवार की शाम सिर्फ आईपीएल का मुकाबला नहीं खेला जा रहा था बल्कि हजारों दिल अपने पसंदीदा सितारे विराट कोहली के लिए धड़कते नजर आ रहे थे। लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खेले जा रहे इस मैच में पूरा स्टेडियम “कोहली-कोहली” के नाम से गूंज उठा।

लाल जर्सियों से भरी दर्शक दीर्घाएं, मोबाइल कैमरों की चमक और विराट की एक झलक पाने की बेताबी ने माहौल को किसी क्रिकेट मैच से ज्यादा एक बड़े उत्सव में बदल दिया। इकाना में ऐसा लग रहा था मानो लखनऊ नहीं, बल्कि पूरा शहर विराटमय हो गया हो। वहीं भले ही इकाना स्टेडियम एलएसजी का घरेलू मैदान हो लेकिन आज लग रहा था कि यह आरसीबी का घरेलू मैदान है।

स्टेडियम के बाहर दिखी विराट की दीवानगी

मैच शुरू होने से कई घंटे पहले ही इकाना स्टेडियम के बाहर दर्शकों की लंबी कतारें लग गई थीं। ज्यादातर प्रशंसक विराट कोहली की एक झलक पाने के इंतजार में खड़े नजर आए। युवा ही नहीं, बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में विराट की जर्सी और पोस्टर लेकर पहुंचे थे।

कई प्रशंसकों ने अपने चेहरे पर ‘18’ और ‘कोहली’ पेंट कराया हुआ था। एक पोस्टर लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना रहा, जिसमें एक युवक ने मजाकिया अंदाज में विराट के प्रति अपने प्यार को पत्नी से भी ज्यादा बताया था।

विराट के मैदान पर पहुंचते ही गूंज उठा इकाना

जैसे ही विराट कोहली मैदान पर पहुंचे, पूरा स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा। दर्शकों ने अपने मोबाइल कैमरे उनकी तरफ कर दिए और हर पल को रिकॉर्ड करने में जुट गए। मोबाइल फ्लैशलाइट्स की चमक ने माहौल को किसी बड़े लाइव शो जैसा बना दिया।

कई क्रिकेट प्रेमी सिर्फ विराट की बल्लेबाजी देखने के लिए दूसरे शहरों से ही नहीं दूसरे राज्यों से भी पहुंचे थे। कानपुर से आए भूपेंद्र श्रीवास्तव व अब्बास रिजवी हो या बिहार के छपरा से आए आदित्य मिश्रा हो या रूदौली से आए इब्राहीम,

सब का यह कहना था कि हमारे लिए मैच का नतीजा उतना मायने नहीं रखता, जितना विराट को मैदान पर खेलते देखना। उनके अनुसार विराट का जोश और खेल के प्रति समर्पण उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है। हालांकि हमारी यह भी चाह है कि विराट की टीम आरसीबी यहां जीते।

स्टेडियम की मार्केट में दिखा ‘किंग कोहली’ का असर

विराट कोहली का प्रभाव स्टेडियम के बाहर लगे स्टालो में भी साफ नजर आया। जर्सी, पोस्टर, बैंड और अन्य क्रिकेट सामग्री बेचने वाले दुकानदारों की बिक्री में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली।

कई दुकानदारों का कहना था कि मैच से पहले सबसे ज्यादा मांग विराट की जर्सी और आरसीबी से जुड़े सामान की रही। सोशल मीडिया पर भी इकाना स्टेडियम से जुड़े वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल होती रहीं।

घरेलू मैदान पर भी आरसीबी को मिला ज्यादा समर्थन

मैच के दौरान मुकाबले के दौरान कई बार ऐसा लगा कि दर्शकों का समर्थन घरेलू टीम लखनऊ सुपर जायंट्स से ज्यादा विराट कोहली और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पक्ष में है। मैदान पर जैसे ही विराट की कोई हलचल होती, पूरा स्टेडियम शोर से गूंज उठता। कैमरे भी लगातार उनकी ओर घूमते दिखाई दिए।

विराट अब सिर्फ खिलाड़ी नहीं, एक भावना

क्रिकेट जानकारों का मानना है कि विराट कोहली अब सिर्फ एक स्टार बल्लेबाज नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की भावनाओं का हिस्सा बन चुके हैं। यही वजह है कि देश के किसी भी मैदान पर उनका अलग ही आकर्षण देखने को मिलता है।

वरिष्ठ खेल पत्रकार शरददीप के अनुसार, इस सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स घरेलू मैदान पर अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी है, जबकि विराट लगातार शानदार फॉर्म में हैं।

उन्होंने कहा कि लखनऊ के दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट पसंद है और विराट का खेल वही ऊर्जा और उत्साह देता है, जिसकी वजह से यहां भी बड़ी संख्या में लोग उनके रंग में रंगे नजर आए।

ये भी पढ़ें : बारिश ने रोका मैच, फिर आरसीबी के खिलाफ मिशेल मार्श ने संभाली एलएसजी की पारी

ये भी पढ़ें :  आरसीबी की नजर टॉप पर, एलएसजी की डूबती नैया को किनारे की तलाश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here