लखनऊ। इंडियन प्रीमियर लीग में प्लेऑफ की दौड़ तेज हो चुकी है और इसी कड़ी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत दर्ज कर अपनी स्थिति और मजबूत करने उतरेगी।
अंक तालिका में दूसरे स्थान पर मौजूद आरसीबी के लिए इकाना स्टेडियम पर खेला जाने वाला यह मुकाबला बेहद अहम है, जहां जीत उसे शीर्ष स्थान की दौड़ में बनाए रख सकती है।
आरसीबी फिलहाल 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, हालांकि इतने ही अंक चार अन्य टीमों के भी हैं। ऐसे में नेट रन रेट और आगामी मुकाबलों के नतीजे उसकी स्थिति तय करेंगे। टीम को पिछले मैच में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मिली हार से उबरकर बेहतर प्रदर्शन करना होगा, जहां मजबूत शुरुआत के बावजूद उसकी बल्लेबाजी क्रम बिखर गया था।
हालांकि आरसीबी की बल्लेबाजी इकाई पूरे सीजन में प्रभावशाली रही है। विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं और अब तक 379 रन बना चुके हैं। देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने भी अहम योगदान दिया है। फिल साल्ट के चोटिल होने के कारण शीर्ष क्रम में बदलाव हुआ है और कोहली के साथ तेज शुरुआत की जिम्मेदारी अब जैकब बेथेल पर होगी।
आरसीबी को इस मैच से पहले एक सप्ताह का विश्राम मिला है, जिससे टीम तरोताजा होकर मैदान में उतरेगी। दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन इस सीजन में निराशाजनक रहा है। टीम लगातार छह मैच हारकर अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है और उसका आत्मविश्वास भी प्रभावित हुआ है।
लखनऊ की बल्लेबाजी इकाई भी संघर्ष करती नजर आई है। मिचेल मार्श, कप्तान ऋषभ पंत, एडेन मार्क्रम और निकोलस पूरन जैसे प्रमुख बल्लेबाज निरंतरता नहीं दिखा पाए हैं। साथ ही बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव ने टीम की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
गेंदबाजी में आरसीबी का पलड़ा भारी नजर आता है। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की जोड़ी लगातार प्रभावी रही है। दोनों ने हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स को 75 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा क्रुणाल पंड्या ने भी नौ विकेट लेकर टीम को मजबूती दी है।
लखनऊ के लिए प्रिंस यादव और मोहसिन खान ने क्रमशः 13 और 10 विकेट लेकर अच्छा प्रदर्शन किया है, जबकि मोहम्मद शमी की शुरुआत मजबूत रही लेकिन हाल के मैचों में वह महंगे साबित हुए हैं।
दोनों टीमों के बीच पहले चरण में खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने पांच विकेट से जीत दर्ज की थी। ऐसे में बेंगलुरु की टीम आत्मविश्वास के साथ उतरेगी, जबकि लखनऊ के लिए यह मुकाबला वापसी का आखिरी मौका साबित हो सकता है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिल साल्ट, जितेश शर्मा, जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, सात्विक देसवाल
लखनऊ सुपर जायट्स: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), अब्दुल समद, अक्षत रघुवंशी, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, हिम्मत सिंह, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), एडेन मार्क्रम, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), अर्शिन कुलकर्णी, जॉर्ज लिंडे, मिचेल मार्श, शाहबाज अहमद, आकाश सिंह, अवेश खान, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, एनरिक नोर्किया, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी, मणिमारन सिद्धार्थ, अर्जुन तेंदुलकर, नमन तिवारी, मयंक यादव
ये भी पढ़ें : इकाना में रिकॉर्ड की दस्तक, कोहली रच सकते हैं इतिहास












