मार्श के शतक और प्रिंस की धार से एलएसजी की जीत, आखिरी ओवर में राठी ने पलटा मैच

0
26
© BCCI

लखनऊ। मिचेल मार्श (111 रन), प्रिंस यादव के तीन विकेट और सुपर स्टार गेंदबाज दिग्वेश राठी की आखिरी ओवर में किफायती गेंदबाजी के चलते लखनऊ सुपर जायंट्स ने इकाना स्टेडियम पर गुरुवार को खेले गए आईपीएल के 50वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को नौ रन से हराकर घर में सीजन की पहली जीत अपने नाम की।

इस मैच में बल्ले से रन और आसमान से बारिश ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। एलएसजी की जीत में नायक रहे मिचेल मार्श ने 111 रन बनाए जबकि प्रिंस यादव ने विराट कोहली सहित तीन विकेट चटकाए वहीं शाहबाज ने दो विकेट चटकाए।

© BCCI

आरसीबी को आखिरी ओवर में जीत के लिए 20 रन चाहिए लेकिन राठी ने मात्र नौ रन दिए जबकि एक रन लेग बाई का मिला। इसी के साथ घरेलू मैदान में लगातार आठ मैच गंवाने के बाद एलएसजी ने नौवें मैच में जीत अपने नाम की।

हालांकि लखनऊ की पारी में बारिश ने कई बार बाधा डाली। इसके बावजूद उनके बल्लेबाजों ने बल्ले से खूब रन बरसाए। वहीं एलएसजी के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर आरसीबी के बल्लेबाजों के विकेट झटककर टीम को जीत की दहलीज पर लाकर खड़ा कर दिया। आरसीबी की पारी के पहले व दूसरे ओवर में जैकब बैथल व विराट कोहली विकेट के लेकर एलएसजी के गेंदबाजों ने मैच पर पकड़ बना ली।

हालांकि दो विकेट गिरने के बाद कप्तान रजत पाटीदार और देवदत्त पडिक्कल ने लखनऊ के गेंदबाजों की खासी खबर ली लेकिन इनके विकेट गिरते ही मैच पर अपनी पकड़ बना ली थी लेकिन अंतिम गेंद तक चले मैच में आरसीबी के हाथ से जीत फिसल गयी। अंत में क्रुणाल पांड़या ने नाबाद 28 और रोमारियो शेफर्ड ने नाबाद 23 रन बनाकर कुछ रोमांच भर दिया।

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मार्श (111) की विस्फोटक शतकीय पारी के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने 19 ओवर में तीन विकेट पर 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। एलएसजी की पारी लगातार तीन बार बारिश के कारण खेल रुकने से मुकाबला कुल 85 मिनट प्रभावित रही।

बाद में अंपायरों ने ओवरों में कटौती करते हुए मैच को 19-19 ओवर का कर दिया, जिसके बाद डकवर्थ लुईस नियम के तहत बेंगलुरु को जीत के लिए 114 गेंदों में 213 रन बनाने की चुनौती मिली। लेकिन टीम 19 ओवर में 6 विकेट पर 203 रन ही बना सकी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम 1.2 ओवर में 9 रन पर दो विकेट गंवाकर मुश्किल में फंस गयी थी। सलामी बल्लेबाज जैकब बेथेल (4) शमी की गेंद पर प्रिंस यादव को कैच थमा कर पवैलियन लौट गए।

उनका विकेट पहले ही ओवर की पांचवी गेंद पर गिरा। वहीं अगले ओवर की दूसरी गेंद पर स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के आउट होने से आरसीबी को बड़ा झटका लगा। विराट कोहली खाता भी नहीं खोल सके, उनका विकेट प्रिंस यादव ने झटका।

करीब 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से डाली गई गेंद गुड लेंथ पर ऑफ स्टंप के बाहर पिच हुई। कोहली ने आगे बढ़कर खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद अंदर की ओर आई और बल्ले का अंदरूनी किनारा चकमा दे गई। गेंद सीधे ऑफ स्टंप से टकराई और स्टंप उखड़ गया। वहीं आरसीबी ने 5.4 ओवर के पावरप्ले में दो विकेट पर 40 रन बनाए। टीम ने जैकब बेथेल और विराट कोहली के विकेट गंवा दिए थे।

आरसीबी को तीसरा झटका 11वें ओवर की पहली ही गेंद पर लगा जब देवदत्त पडिक्कल (34) को प्रिंय यादव ने अपनी ही गेंद पर कैच लपककर वापस पवैलियन भेजा। उस समय टीम का कुल स्कोर 104 रन था। आरसीबी के स्कोर में दो ही रन का इजाफा हुआ था कि इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर जितेश शर्मा (1) भी आउट हो गए। उनका विकेट भी प्रिंस यादव ने झटका। जितेश प्रिंस की गेंद को खेलने के चक्कर में विकेट के पीछे ऋषभ पंत को कैच थमा बैठे।

वहीं रजत पाटीदार ने दिग्वेश राठी की दूसरी बॉल पर छक्का लगाकर टीम को 50 पार पहुंचाया। उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर देवदत्त पडिक्कल के साथ अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। यह साझेदारी प्रिंस ने देवदत्त का विकेट चटकाकर तोड़ी।

कप्तान रजत पाटीदार ने 10वें ओवर में छक्का जड़ते हुए अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने मयंक यादव की दूसरी गेंद पर डीप बैकवर्ड स्क्वैयर लेग के ऊपर छक्का जड़ा।

रजत पाटीदार ने 31 गेंदो पर तीन चौके व 6 छक्के से 61 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उनकी पारी का अंत पारी के 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर शाहबाज की गेंद पर कुलकर्णी ने कैच लपककर किया। वहीं 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर 158 रन के स्कोर पर आरसीबी का छठां विकेट गिरा। टिम डेविड 40 रन बनाकर शाहबाज की गेंद पर दिग्वेश राठी को कैच थमा बैठे।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बेंगलुरु के खिलाफ लखनऊ की शुरुआत आक्रामक रही। मिचेल मार्श और अर्शिन कुलकर्णी ने पहले विकेट के लिए तेजी से रन जोड़े। टीम ने 1.3 ओवर में बिना किसी नुकसान के 12 रन बनाए ही थे कि पहली बार बारिश शुरू हो गई और खेल रोकना पड़ा। लगभग दस मिनट बाद मुकाबला दोबारा शुरू कराया गया।

भुवनेश्वर कुमार ने बेंगलुरु की ओर से पहला ओवर करते हुए केवल पांच रन दिए। अपने 200वें आईपीएल मुकाबले में खेल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज ने शानदार स्विंग गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। हालांकि इसके बाद मार्श ने तेजी से हाथ खोले और जोश हेजलवुड के ओवर में दो छक्के जड़ दिए। मार्श का एक जोरदार छक्का बाउंड्री के पास मौजूद कैमरामैन को लग गया, जिससे वह चोटिल हो गया।

लखनऊ के बल्लेबाजों ने लगातार तेज रन गति बनाए रखी। पांचवें ओवर में टीम ने 50 रन पूरे कर लिए जबकि बिना विकेट गंवाए छह ओवर में 68 रन बना लिए थे। मार्श ने रसिख सलाम के ओवर में लगातार दो छक्के और एक चौका लगाकर रन गति और तेज कर दी।

नौ ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर बिना विकेट 95 रन था। उस समय मिचेल मार्श 76 और अर्शिन कुलकर्णी 17 रन बनाकर खेल रहे थे। तभी दूसरी बार बारिश ने खेल रोक दिया। इस बार मुकाबला लगभग 38 मिनट तक बाधित रहा।

रात नौ बजे खेल दोबारा शुरू हुआ तो लखनऊ को पहला झटका लगा। अर्शिन कुलकर्णी 17 रन बनाकर क्रुणाल पांड्या की गेंद पर कप्तान रजत पाटीदार को कैच दे बैठे। इसके बाद निकोलस पूरन बल्लेबाजी के लिए आए और मार्श के साथ पारी को आगे बढ़ाया।

मार्श ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए केवल 49 गेंदों में शतक पूरा किया। यह आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से सबसे तेज शतक है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम था, जिन्होंने पिछले सत्र में बेंगलुरु के खिलाफ 54 गेंदों में शतक लगाया था। मार्श का यह आईपीएल करियर का दूसरा शतक भी रहा। इससे पहले उन्होंने 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक लगाया था।

मार्श ने अपनी पारी में चौकों और छक्कों की बरसात की। उन्होंने रोमारियो शेफर्ड के एक ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाकर 20 रन बटोरे। हालांकि इसी बीच तीसरी बार बारिश ने खेल रोक दिया। उस समय लखनऊ का स्कोर 14 ओवर में एक विकेट पर 145 रन था और मार्श 107 जबकि पूरन 14 रन बनाकर खेल रहे थे।

लगभग 37 मिनट बाद रात दस बजे मुकाबला फिर शुरू हुआ। बारिश के कारण ओवर घटाकर 19-19 कर दिए गए। खेल दोबारा शुरू होने के बाद मिचेल मार्श 17वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हो गए। जोश हेजलवुड की गेंद पर उन्होंने गहरा शॉट खेला, लेकिन गेंद सीधे क्षेत्ररक्षक जैकब बेथेल के हाथों में चली गई। मार्श ने 56 गेंदों पर नौ चौके और नौ छक्कों की मदद से 111 रन की विस्फोटक पारी खेली।

मार्श को इससे पहले 16वें ओवर में जीवनदान भी मिला था, जब भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर देवदत्त पडिक्कल ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। मार्श के आउट होने के बाद निकोलस पूरन ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ तेजी से रन जोड़ने की कोशिश की।

पूरन 38 रन बनाकर रसिख सलाम की गेंद पर क्रुणाल पांड्या को कैच दे बैठे। अंत में लखनऊ ने 19 ओवर में तीन विकेट पर 209 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। आरसीबी की ओर से जोश हेजलवुड, क्रुणाल पांड्या और रसिख सलाम ने एक-एक विकेट चटकाए।

सात बार गोल्डन डक के साथ विराट 10 बार शून्य पर आउट

विराट इस मैच को मिलाकर आईपीएल में 10 बार शून्य पर आउट हुए है। इनमें से 7 बार वह पहली ही गेंद पर आउट हुए, जिसे क्रिकेट में ‘गोल्डन डक’ कहा जाता है। उन्होंनें 267 मैच में 259 पारियां खेली है। वह आईपीएल 2022 में तीन बार डक का शिकार हुए है।

साभार : सोशल मीडिया

कोहली अप्रैल 2023 तक आईपीएल में सबसे ज्यादा गोल्डन डक पर आउट होने वाले खिलाड़ियों में संयुक्त रूप से शामिल थे। वर्ष 2022 का आईपीएल सीजन विराट कोहली के लिए विशेष रूप से मुश्किल रहा था, जब वह तीन बार पहली ही गेंद पर आउट हुए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here