गोरखपुर। मेजबान गोरखपुर क्वींस की संजू कुमारी व अनुष्का पटेल की जोड़ी ने ‘अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग’ में गुरुवार को उत्साहजनक प्रदर्शन करते हुए लाइटवेट महिला पेयर्स में 3:59.7 के समय के साथ शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
‘अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग’
दूसरी ओर अन्य वर्गो में गोरखपुर की खिलाड़ी अपनी हीट्स में पहले स्थान पर नहीं आ सकी लेकिन दूसरे और अन्य स्थानों पर रहने के कारण उन्हें रेपचेज के जरिए वापसी करने और फाइनल की रेस में बने रहने का मौका मिलेगा।

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सहयोग से रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (आरएफआई) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन द्वारा उत्तर प्रदेश खेल विभाग के बुनियादी और प्रशासनिक सहयोग से गोरखपुर के रामगढ़ताल में आयोजित लीग में गुरुवार को हीट्स (प्रारंभिक दौर) के मुकाबले आयोजित किए गए।
आज जूनियर क्वाड्रुपल स्कल में गोरखपुर क्वींस की अंशू, काजल पाल, जसकरनवीर कौर, कनक निषाद ने 04:38.6 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहते हुए रेपचेज में जगह बनाई। लाइटवेट डबल स्कल में गोरखपुर की सुलेखा मुर्मु व नीलू कुमारी ने 3:56.7 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए रेपचेज में इंट्री की।

महिला पेयर्स में रानी कुमारी व अंकिता कुमारी की मेजबान जोड़ी 04:46.0 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए रेपचेज में पहुंची। महिला डबल स्कल में गोरखपुर की श्रुति व अनवीर कौर हीरा 04:43.8 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए रेपचेज में पहुंची।
आरएफआई के महासचिव शुभाशीष मुखर्जी ने बताया कि दोपहर के सत्र के पहले मुकाबले में सब जूनियर डबल स्कल में स्टील ओर्स की मुस्कान सिंह व अव्या शुक्ला की जोड़ी ने बाजी मारते हुए 4:59.46 के समय के साथ पहला स्थान हासिल करते हुए फाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
जूनियर पेयर्स की पहली हीट में भोपाल की स्नेहा कालमे और जिज्ञासा रेगर की जोड़ी ने 3:57.1 के बेहतरीन समय के साथ शीर्ष पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई। वहीं महिला पेयर्स में कटक रोइंग क्लब की ओर से सोनालिका दास और रितु कौड़ी ने 04:06.2 के समय के साथ शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया। आज हीट्स के अन्य मुकाबलों मे जूनियर क्वाड्रुपल स्कल में कटक रोइंग क्लब, सब जूनियर डबल स्कल में जिंद सिटी हरियाणा ने पहला स्थान सुरक्षित किया।

लीग के चीफ ज्यूरी तेजस शिंदे ने बताया कि हवा के विपरीत रूख के चलते प्रात:कालीन सत्र में हीट्स का आयोजन संभव नहीं हो पाया लेकिन दोपहर में मौसम ने साथ दिया और कुल 28 रेसों का आयोजन हुआ। शुक्रवार को सुबह नौ बजे से रेपचेज राउंड खेले जाएंगे जबकि दोपहर के सत्र में सेमीफाइनल मुकाबलों का आयोजन होगा।

आज मुकाबलो के दौरान उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा (उपाध्यक्ष, आरएफआई), आयोजन सचिव राजेश कुमार यादव, गोरखपुर मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर, गोरखपुर रोइंग एसोसिएशन के सचिव राणा राहुल सिंह भी मौजूद रहे।











