शिवम यादव व सान्वी कुमार ने जीते दोहरे खिताब

0
26

लखनऊ। शिवम यादव व सान्वी कुमार ने सुरेश चंद्र त्रिपाठी मेमोरियल लखनऊ जिला प्राइजमनी बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 में कोर्ट पर शानदार खेल दिखाते हुए दोहरे खिताब अपने नाम कर लिए। लखनऊ बैडमिंटन एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त एवं स्वराज कल्याण सेवा संस्थान द्वारा मिनी स्टेडियम, विनय खंड, गोमती नगर में आयोजित टूर्नामेंट में रविवार को फाइनल मुकाबले खेले गए।

सुरेश चंद्र त्रिपाठी मेमोरियल लखनऊ जिला प्राइजमनी बैडमिंटन टूर्नामेंट

केडी सिंह बाबू स्टेडियम के शिवम यादव ने पुरुष एकल के फाइनल में शटल एस के शौर्य प्रताप सिंह को 15-12, 15-13 से हराया। इसी के साथ उन्होंने अंडर-19 बालक एकल में डिवाइन के अतुल मोहन त्रिपाठी के खिलाफ 15-5, 15-9 से जीत दर्ज की।

डालीबाग की सान्वी कुमार ने बालिकाओं में अंडर-13 एकल में राइजिंग स्टार की प्रशस्ति शर्मा को तीन सेट तक चले मुकाबले में 12-15, 17-15, 16-14 से शिकस्त दी। वहीं अंडर-15 एकल के फाइनल में सान्वी ने प्रतिद्वंद्वी मेगन प्रकाश के 2-0 के स्कोर पर रिटायर्ड होने के चलते जीत दर्ज की।

टूर्नामेंट के समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक डा. आरपी सिंह व विशिष्ट अतिथि भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रजनीश मिश्रा ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान इस दौरान ज़ेनस सोलर के निदेशक संदीप द्विवेदी की भी गरिमामयी मौजूदगी रही। समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए आयोजन सचिव संजय त्रिपाठी ने अतिथिगण का स्वागत किया, जबकि आयोजन अध्यक्ष विपुल वर्मा ने आभार जताया।

आज खेले गए फाइनल मुकाबलों में बालक अंडर-11 एकल में डिवाइन के अभिजय सिंह ने एक्सीलिया के यशार्थ सिंह को 15-9, 16-14 से, बालिका अंडर-19 एकल में शटल एस की प्रियंका गौतम ने बीबीडी अकादमी की मेगन प्रकाश को 15-4, 6-15, 15-12 से, बालिका अंडर-11 एकल में राइजिंग स्टार की अन्विका ने अदिति झा को 15-10, 15-11 से, बालक अंडर-13 एकल में शटल एस के समृद्ध पांडेय ने डीबीए के कनिष्क रॉय को 15-13, 15-8 से, बालक अंडर-17 एकल में बीबीडी बैडमिंटन अकादमी के पारस ध्यानी ने शटल एस के हर्षित यादव को 18-16, 7-15, 16-14 से, बालक अंडर-15 एकल में शटल एस के हर्षित यादव ने अपने ही सेंटर के आदर्श कुमार को 15-13, 15-5 से, बालिका अंडर-17 एकल में अपराजिता घोषाल ने मेगन प्रकाश को 15-10, 12-15, 17-15 से, महिला एकल में शटल एस की स्नेहा सिंह ने प्रियंका गौतम को 17-15, 15-10 से और पुरुष युगल में शटल एस के हिशाम अज़ीज व शौर्य प्रताप सिंह ने डालीबाग के मोक्ष व राजन यादव को 15-12, 15-11 से हराते हुए खिताबी जीत दर्ज की।

वहीं पुरुष युगल 45 वर्ष से अधिक के फाइनल में डॉ. अभिषेक चौहान व विवेक तिवारी ने अमित उपाध्याय व विकास शर्मा को 15-8, 15-7 से, पुरुष युगल 50 वर्ष से अधिक के फाइनल में राजीव बंसल व शैलेश पवाह ने अजय कुमार व महेंद्र सिंह बोरा को 15-11, 15-8 से और पुरुष युगल 55 वर्ष से अधिक के फाइनल में एएन सिंह व राजीव अरोड़ा ने अजय व विपिन को 13-15, 15-9, 17-15 से शिकस्त दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here