आशीष की हैट्रिक, केतन का गोल; भारत ने जीता अंडर-18 एशिया कप खिताब

0
28
@TheHockeyIndia

नई दिल्ली। भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान के काकामिगाहारा में खेले गए पुरुष अंडर-18 एशिया कप 2026 के फाइनल में मेजबान जापान को 4-1 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

आशीष तानी पुर्ति की हैट्रिक और कप्तान केतन कुशवाहा के शानदार गोल की बदौलत भारत ने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और एशियाई चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। मुकाबले के शुरुआती 90 सेकंड के भीतर मिले पेनाल्टी कॉर्नर को आशीष तानी पुर्ति ने गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले क्वार्टर के बाद भी भारतीय टीम लगातार जापानी रक्षा पंक्ति पर दबाव बनाती रही।

दूसरे क्वार्टर में जापान ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें सफल नहीं होने दिया। 28वें मिनट में भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर आशीष ने अपना दूसरा गोल दागकर बढ़त 2-0 कर दी।

भारत का आक्रमण यहीं नहीं रुका। इसके दो मिनट बाद प्रह्लाद राजभर ने शानदार मूव बनाते हुए कप्तान केतन कुशवाहा को गेंद थमाई। केतन ने अवसर का पूरा फायदा उठाते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया और भारत की बढ़त 3-0 कर दी। हाफ टाइम तक भारतीय टीम पूरी तरह मुकाबले पर हावी रही।

तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपना दबदबा बनाए रखा। वरिंदर सिंह के बेहतरीन प्रयास के बाद भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला। 34वें मिनट में आशीष तानी पुर्ति ने इस मौके को गोल में बदलते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत को 4-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।

अंतिम क्वार्टर में जापान ने वापसी की कोशिश की। 52वें मिनट में नुमादा गाकु ने पेनाल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर टीम का खाता खोला, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने इसके बाद कोई मौका नहीं दिया। निर्धारित समय तक स्कोर 4-1 रहा और भारत ने शानदार जीत के साथ खिताब अपने नाम कर लिया।

मैच में तीन गोल दागने वाले आशीष तानी पुर्ति को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कुल 13 गोल किए और प्रतियोगिता के शीर्ष गोल स्कोरर भी रहे।

भारतीय टीम की इस उपलब्धि पर हॉकी इंडिया ने स्वर्ण पदक विजेता पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को तीन लाख रुपये तथा सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1.5 लाख रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

इसके अलावा, अंडर-18 महिला एशिया कप में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को एक लाख रुपये तथा सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 50 हजार रुपये देने की भी घोषणा की गई।

ये भी पढ़ें : जूनियर एशिया कप पर भारत का कब्जा, यूपी के पांच ने रचा जीत का इतिहास

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here