लखनऊ। वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को पुलिस मुख्यालय स्थित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद ऑडिटोरियम में पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में वामा सारथी उत्तर प्रदेश की अध्यक्षा मीनाक्षी सिंह तथा पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण ने मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में सार्थक कुमार, पुत्र सर्वदमन कुमार (ओपी) तथा अनिमेष राय, पुत्र चंदन राय (आरक्षी चालक) शामिल रहे। दोनों विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धियों से पुलिस परिवार का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने विद्यार्थियों को उनकी सफलता के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही अन्य छात्र-छात्राओं को भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है तथा ऐसे मेधावी विद्यार्थी समाज और प्रदेश का नाम रोशन करने की क्षमता रखते हैं।
ये भी पढ़ें : हरित भविष्य के लिए आगे आएं, एक पौधा जरूर लगाएं : राजेश्वर सिंह
ये भी पढ़ें : पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों के लिए कैरियर काउंसिलिंग कार्यशाला आयोजित













